87 लाख निवेश कराए, रकम मांगी तो दी धमकी:अलीगढ़ में ट्रेडिंग-रियल एस्टेट में 5 से 7% मुनाफे का झांसा देकर ठगी, FIR दर्ज
ट्रेडिंग, रियल एस्टेट और मेडिसिन के कारोबार में निवेश कर हर महीने 5 से 7 प्रतिशत रिटर्न देने का झांसा देकर ठेकेदार से 87 लाख रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए समझौते का दबाव बनाया। खुर्जा निवासी ठेकेदार मोहित राघव की तहरीर पर क्वार्सी पुलिस ने दो आरोपियों दीपक कुमार निवासी मुकुंद बिहार और जुनैद अहमद निवासी मूसा हॉस्पिटल, अनूपशहर रोड के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एफआईआर के मुताबिक, मोहित राघव का वर्ष 2023 में अलीगढ़ स्थित साइना इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के तत्कालीन डायरेक्टर दीपक कुमार और जुनैद अहमद से परिचय कराया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों ने खुद को ट्रेडिंग, रियल एस्टेट और मेडिसिन के कारोबार से जुड़ा बताया। उन्होंने कहा कि कई लोग उनके कारोबार में पैसा लगा चुके हैं और निवेशकों को हर महीने 5 से 7 प्रतिशत तक लाभांश/रिटर्न दिया जाता है। इसी भरोसे पर मोहित को भी निवेश के लिए तैयार किया गया।
एकमुश्त नहीं, अलग-अलग खातों में पहुंचाए 87 लाख
शिकायत के अनुसार, आरोपियों के कहने पर मोहित ने अपनी फर्म शिव इन्फ्रा इंजीनियर्स के कैनरा बैंक खाते समेत अन्य खातों से कुल 87 लाख रुपये दीपक कुमार, उसके पिता और आरोपियों की ओर से बताए गए अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर किए। शिकायतकर्ता ने इन लेन-देन का बैंक रिकॉर्ड भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
एफआईआर में कहा गया है कि शुरुआत में आरोपियों की ओर से कुछ रकम अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से वापस भी की गई। इससे निवेश और रिटर्न को लेकर मोहित का भरोसा और बढ़ गया। बाद में उसके खाते में चार-पांच ऐसे ट्रांजेक्शन आए, जिन पर साइबर सेल ने आपत्ति जताई। इसके बाद आरोपियों ने शेष रकम लौटाने और तय रिटर्न देने में टालमटोल शुरू कर दी।
रकम मांगी तो बदला रवैया, धमकी का आरोप
मोहित का आरोप है कि बार-बार मांग करने के बावजूद जब रकम वापस नहीं मिली तो उसने अपने पैसे लौटाने का दबाव बनाया। इस पर आरोपियों ने कथित तौर पर रकम लौटाने से साफ इनकार कर दिया। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि जानकारी करने पर पता चला कि इसी तरह अन्य लोगों से भी निवेश के नाम पर रकम ली गई है। मोहित ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि जब उसने अपनी रकम वापस लेने का दबाव बनाया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई और समझौता करने तथा पैसे की मांग नहीं करने के लिए दबाव बनाया गया। इससे उसने अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, SI मनिन्द्र सिंह को जांच
क्वार्सी पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक मनिन्द्र सिंह को सौंपी है। पुलिस अब बैंक खातों में हुए लेन-देन, रकम के ट्रांसफर, आरोपियों से जुड़े खातों और शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों की जांच करेगी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)