आगरा में जुटेंगे देश के दिग्गज हार्ट स्पेशलिस्ट:24-25 अक्टूबर को होगा राष्ट्रीय सम्मेलन, हार्ट फेलियर जैसी गंभीर बीमारियाें पर होगी चर्चा

Oct 22, 2026 - 18:02
0
आगरा में जुटेंगे देश के दिग्गज हार्ट स्पेशलिस्ट:24-25 अक्टूबर को होगा राष्ट्रीय सम्मेलन, हार्ट फेलियर जैसी गंभीर बीमारियाें पर होगी चर्चा
दिल की बीमारियों के इलाज में नई तकनीकों और आधुनिक तरीकों पर चर्चा के लिए देशभर के जाने-माने हृदय रोग विशेषज्ञ आगरा में जुटेंगे। 24 और 25 अक्टूबर को कार्डियोलॉजी आगरा लाइव 6.0 का आयोजन होगा। इसमें हार्ट फेलियर, कोरोनरी आर्टरी डिजीज, एओर्टा की बीमारियों और हार्ट सर्जरी से जुड़े नए उपचारों पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में विशेषज्ञ अपने अनुभव, शोध और मरीजों से जुड़े केस साझा करेंगे। आगरा इंटरवेंशन कार्डियोलॉजी सोसाइटी की ओर से आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन का ब्रोशर गुरुवार को होटल हॉलीडे इन में जारी किया गया। आयोजन के पहले दिन 24 अक्टूबर को होटल जेपी पैलेस और दूसरे दिन 25 अक्टूबर को होटल हॉलीडे इन में सत्र होंगे। पद्मश्री सहित कई बड़े विशेषज्ञ होंगे शामिल सम्मेलन में नोएडा से पद्मश्री डॉ. डीएस गंभीर, गुरुग्राम से पद्मश्री डॉ. प्रवीन चंद्रा, मेरठ से डॉ. मुनेश तोमर, प्रयागराज से डॉ. ओमर हसन और नई दिल्ली से डॉ. सुभाष चंद्रा, डॉ. विवेका कुमार व डॉ. सुमित सेठी शामिल होंगे। इसके अलावा मैसूर से डॉ. राजगोपाल जे. और आगरा से डॉ. सुवीर गुप्ता, डॉ. वरुण शर्मा, डॉ. सौरभ नागर व डॉ. हिमांशु यादव समेत अन्य हृदय रोग विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे। हार्ट की जटिल बीमारियों के इलाज पर मंथन सम्मेलन में हार्ट फेलियर, कोरोनरी आर्टरी डिजीज, एओर्टा से जुड़ी बीमारियों, कार्डियक सर्जरी और TAVR जैसी आधुनिक तकनीकों पर चर्चा होगी। इसका उद्देश्य डॉक्टरों को इलाज के नए तरीकों और चिकित्सा से जुड़ी नई गाइडलाइंस की जानकारी देना है। इस दौरान कार्डियोलॉजी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले एक वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। मेडिकल छात्रों को मिलेगा लाइव डेमो सम्मेलन के दूसरे दिन 25 अक्टूबर को मेडिकल छात्रों के लिए इकोकार्डियोग्राफी वर्कशॉप भी होगी। होटल हॉलीडे इन, संजय प्लेस में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलने वाली इस वर्कशॉप में एमडी मेडिसिन के छात्र, जूनियर रेजिडेंट और कार्डियक टेक्नीशियन हिस्सा लेंगे। डॉ. शरद पालीवाल के मुताबिक, वर्कशॉप में इकोकार्डियोग्राफी की बुनियादी जानकारी दी जाएगी। इसमें दिल की पंपिंग क्षमता यानी LVEF मापने, वाल्व की खराबी पहचानने और इको रिपोर्ट को समझने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही लाइव डेमो और हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस भी कराई जाएगी। आयोजन सचिव डॉ. सुवीर गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में देश के विभिन्न शहरों और प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। सम्मेलन के जरिए डॉक्टरों को नई तकनीकों की जानकारी देने के साथ ब्रज क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने का भी प्रयास किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User