आगरा में कोचिंग जा रही छात्रा को डंपर ने रौंदा,मौत:चालक डंपर छोड़कर भागा, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
, आगरा थाना सदर क्षेत्र में बुधवार सुबह नगर निगम के तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से स्कूटी सवार एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। छात्रा सुबह घर से कोचिंग के लिए निकली थी, पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा की जान चली गई। जानकारी के अनुसार मृतका सेवला जाट की रहने वाली थी। वह रोज की तरह आज भी अपनी स्कूटी से कोचिंग जा रही थी। जैसे ही वह सदर क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी पीछे से आ रहे नगर निगम के डंपर ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्रा स्कूटी समेत सड़क पर गिर गई और डंपर के पहिए के नीचे आ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के दुकानदार और राहगीर दौड़कर पहुंचे। देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन बदहवास होकर मौके पर पहुंचे। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार वालों का कहना है कि बेटी पढ़ाई में बहुत होशियार थी और डॉक्टर बनने का सपना देख रही थी। स्थानीय लोगों में नगर निगम के डंपरों की तेज रफ्तार को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि सुबह के समय जब स्कूल-कॉलेज और कोचिंग के लिए बच्चे निकलते हैं, तब भी निगम के डंपर बेलगाम रफ्तार से दौड़ते हैं। हादसे के बाद डंपर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)