आगरा में सजे 31 फीट ऊँचे गोवर्धन महाराज:400 किलो गोबर से तैयार की आकृति, बेलनगंज में गोवर्धन महाराज के साथ सजी झांकियां
गोवर्धन पूजा के अवसर पर शहर में जगह-जगह गोवर्धन महाराज की भव्य आकृतियां सजाई गईं। नवीन गल्ला मंडी में गोवर्धन सेवा समिति की ओर से 31 फीट ऊंचे गोवर्धन महाराज की विशाल आकृति तैयार की गई। करीब 400 किलो गोबर से बनाई गई इस आकृति को देखने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। दिनभर लोग यहां पहुंचे और गोवर्धन महाराज के दर्शन किए। आकृति की विशालता लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। आगरा में मंगलवार को गोवर्धन पूजा का सुबह का शुभ मुहूर्त 6:34 से 8:45 बजे तक रहा। वहीं, शाम को पूजा का मुहूर्त 3:18 से 5:29 बजे तक निर्धारित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। गोवर्धन सेवा समिति के अध्यक्ष राकेश यादव ने बताया कि समिति की ओर से पिछले 15 वर्षों से गोवर्धन पूजा पर खेतों में गोवर्धन महाराज की आकृति बनाने की परंपरा निभाई जा रही है। आयोजन के बाद आकृति में इस्तेमाल किए गए गोबर को यमुना में प्रवाहित नहीं किया जाएगा। श्रद्धालु और किसान इसे अपने-अपने खेतों में खाद के रूप में इस्तेमाल करेंगे। इससे धार्मिक परंपरा निभाने के साथ यमुना को प्रदूषण से बचाने का संदेश भी दिया जा रहा है। वहीं, बेलनगंज हॉस्पिटल तिकोनिया पर भी 12 फीट ऊंचे गोवर्धन महाराज की आकृति सजाई गई। इसे तैयार करने में करीब 40 किलो गोबर का इस्तेमाल किया गया। बेलनगंज क्षेत्र में गोवर्धन पूजा को लेकर विशेष सजावट की गई। जगह-जगह भगवान शिव, श्रीकृष्ण और भगवान राम की झांकियां सजाई गईं। इन्हें देखने के लिए स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ जुटी। गोवर्धन पूजा के चलते पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक माहौल और चहल-पहल बनी रही।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)