रील देखने में पत्नी ने खाना बनाने से किया इनकार:हरदोई में पति से विवाद के बाद मायके और ससुराल पक्ष में चले लाठी-डंडे

Nov 10, 2026 - 21:26
0
रील देखने में पत्नी ने खाना बनाने से किया इनकार:हरदोई में पति से विवाद के बाद मायके और ससुराल पक्ष में चले लाठी-डंडे
हरदोई में मोबाइल पर रील्स देखने को लेकर शुरू हुआ घरेलू विवाद दो पक्षों के बीच मारपीट में बदल गया। पत्नी के रील्स देखने और खाना बनाने से इनकार करने पर पति ने उसके साथ मारपीट कर दी। इसके बाद पत्नी ने मायके वालों को फोन कर दिया। देर रात मायके पक्ष के 30 से 35 लोग गांव पहुंच गए। इस दौरान दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के सधई बेहटा गांव के मजरा झबरा पुरवा की है। गांव निवासी रामरतन ने बताया कि उनके बेटे अंकित की शादी तीन साल पहले हरियावां थाना क्षेत्र के छम्मनपुरवा निवासी शिववती से हुई थी। दोनों का दो साल का बेटा आदर्श है। बीते कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच अनबन चल रही थी। सोमवार शाम करीब सात बजे शिववती मोबाइल पर रील्स देख रही थीं। इसी दौरान अंकित ने उनसे खाना बनाने के लिए कहा। आरोप है कि शिववती ने उसकी बात अनसुनी कर दी। इस पर नाराज होकर अंकित ने उनके साथ मारपीट कर दी। इसके बाद शिववती ने फोन कर मायके वालों को घटना की जानकारी दी। रात करीब 11:30 बजे शिववती के भाई भूरा और बैद्यनाथ 30 से 35 लोगों के साथ कार, टेंपो और बाइक से झबरा पुरवा पहुंच गए। मायके पक्ष के लोगों के आने की भनक लगते ही अंकित वहां से चला गया। इसके बाद मायके वालों ने अंकित के परिजनों से मारपीट को लेकर उलाहना दिया। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में ससुराल पक्ष से रामरतन, उनकी पत्नी रंपा और पड़ोसी शिवम घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष के भी कई लोगों को चोटें आईं। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति संभाली और सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User