आज आएंगे CM; वनवासियों के साथ मनाएंगे दीपावली:देंगे 82.41 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
CM योगी रविवार को गोरखपुर पहुंचेंगे। वह वनटांगिया गांव तिनकोनिया नंबर 3 में वनवासियों के साथ दीपावली मनाएंगे। मुख्यमंत्री सुबह करीब 11 बजे वनटांगिया गांव पहुंचेंगे। वहां लगाए गए स्टालों का निरीक्षण करेंगे। उसके बाद मुखिया के यहां जाकर दीप जलाएंगे। वहां से मंच पर आएंगे और वनवासियों को संबोधित करेंगे। गांव वालों को मिठाई व उपहार भी वितरित किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री 82.41 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी देंगे। बतौर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह लगातार 10वीं दीपावली होगी। 100 साल तक उपेक्षा के अंधेरे में जीने की विवश रहे वनटांगिया समुदाय के बीच पर्व की खुशियां बाटेंगे। हालांकि वनटांगियों के बीच बतौर सांसद वर्ष 2009 से सीएम योगी आदित्यनाथ जा रहे हैं। वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर 3 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन का उल्लास छाया हुआ है। योगी और वनटांगिए एक-दूजे संग अटूट नाता जोड़ चुके हैं। वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में हर साल दीपावली मनाने वाले मुख्यमंत्री के प्रयासों से इस गांव समेत गोरखपुर-महराजगंज के 23 गांवों और प्रदेश की सभी वनवासी बस्तियों में विकास और हक-हुकूक का अखंड दीप जल रहा है। वास्तव में कुसम्ही जंगल स्थित वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन एक ऐसा गांव है जहां दीपोत्सव पर हर दीप "योगी बाबा" के नाम से ही जलता है। साल दर साल यह परंपरा ऐसी मजबूत हो गई है कि साठ साल के बुर्जुर्ग भी बच्चों सी जिद वाली बोली बोलते हैं, बाबा नहीं आएंगे तो दीया नहीं जलाएंगे। वनटांगिया गांव में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं तो गांव के लोग भी उमंग-तरंग के साथ स्वागत को तैयार हैं। दीपावली पर सीएम योगी देंगे विकास कार्यों का उपहार
गोरखपुर। वनटांगिया गांव जंगल तिकोनिया नंबर तीन में पारंपरिक रूप से दीपावली मनाने के साथ ही मुख्यमंत्री विकास कार्यों का भी उपहार देंगे। वह कुल 82.41 करोड़ रुपये की लागत वाली 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। सीएम योगी, 77 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये के 26 कार्यों का शिलान्यास तथा 4 करोड़ 43 लाख 79 हजार रुपये के 26 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। महत्वपूर्ण सौगातों में रजही चौराहे से जंगल तिकोनिया नंबर तीन होते हुए पिपराइच मार्ग तक इंटरलॉकिंग सड़क का शिलान्यास शामिल है। इसके निर्माण पर लागत 3 करोड़ 65 लाख 11 हजार रुपये खर्च होंगे। इससे वनटांगिया समुदाय का आवागमन और भी सुगम हो जाएगा। इसके साथ ही लोकार्पण व शिलान्यास के बहुतायत कार्य विभिन्न गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विकास से संबंधित हैं। कुसम्ही जंगल में ईको पार्क व पिपराइच नपं में वैश्विक नगर बाजार का सीएम करेंगे शिलान्यास
मुख्यमंत्री के हाथों दीपोत्सव के दिन जिन विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी उनमें कुसम्ही जंगल में ईको पार्क का विकास और पिपराइच नगर पंचायत में वैश्विक नगर बाजार का निर्माण भी शामिल है। मुख्यमंत्री इन दोनों परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। ईको टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए कुसम्ही जंगल में ईको पार्क का विकास 4 करोड़ 84 लाख 81 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। स्विस कॉटेज और कई सुविधाओं से युक्त ईको पार्क में पर्यटक हरियाली के साथ शांत वन में आनंद की अनुभूति कर सकेंगे। पिपराइच नगर पंचायत में वैश्विक नगर बाजार के निर्माण पर 1 करोड़ 91 लाख 51 हजार रुपये की लागत आएगी। इसके बन जाने से पिपराइच में बाजार व्यवस्था और बेहतर होगी और इससे स्थानीय स्तर पर व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)