लखनऊ में 4 दिसंबर को आएंगे नितिन गडकरी:यूपी राज्य कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे, 25+ देशों के प्रतिनिधि और 140 कंपनियों के CEO जुटेंगे
लखनऊ में 3 से 5 दिसंबर तक देश-विदेश के कृषि विशेषज्ञ, उद्योगपति और प्रगतिशील किसान जुटेंगे। आईसीएआर-भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान परिसर में एग्रोटेक-2026 का रजत जयंती संस्करण का आयोजन होगा। इसमें 25 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, 15 से अधिक देशों के राजनयिक और कृषि क्षेत्र की 140 कंपनियों के सीईओ शामिल होंगे। तीन दिवसीय आयोजन में 10 हजार से अधिक किसानों के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन के दूसरे दिन 4 दिसंबर को चौथे उत्तर प्रदेश राज्य कृषि शिखर सम्मेलन का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी करेंगे। इसमें कृषि नीतियों, निवेश, निर्यात, आधारभूत सुविधाओं और किसान-उद्योग साझेदारी पर चर्चा होगी। कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में बेहतर काम करने वालों को राज्य उत्कृष्टता पुरस्कार भी दिए जाएंगे। सम्मेलन में ये अधिकारी होंगे शामिल इंडियन चैंबर ऑफ फूड एंड एग्रीकल्चर (आईसीएफए) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य कृषि में निवेश, आधुनिक तकनीक, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक साझेदारी को बढ़ावा देना है। मंगलवार को फॉर्च्यून पार्क बीबीडी में आयोजित प्रेस वार्ता में आईसीएफए बोर्ड के सलाहकार एवं पूर्व अध्यक्ष डॉ. एमजे खान, निदेशक तुषार शर्मा और उत्तर प्रदेश परिषद के सदस्य डॉ. एमपी भट्ट ने तैयारियों की जानकारी दी। सम्मेलन में कर्नाटक कृषि आयोग के अध्यक्ष डॉ. अशोक दलवाई, महाराष्ट्र किसान आयोग के अध्यक्ष पाशा पटेल, भारत बीज निगम के अध्यक्ष योगेंद्र कुमार और राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. मीनेश शाह समेत कई विशेषज्ञ शामिल होंगे। किसानों के लिए होंगी छह कार्यशालाएं कार्यक्रम में कृषि सहकारिता और कृषि उद्यम सम्मेलन भी होंगे। इनमें स्टार्टअप, कृषि प्रसंस्करण, निवेश और बाजार से जुड़ाव पर मंथन किया जाएगा। किसानों के लिए छह विशेष कार्यशालाएं आयोजित होंगी। इनमें खेती की लागत घटाने, उत्पादन बढ़ाने और आधुनिक तकनीक अपनाने की जानकारी दी जाएगी। उत्तर प्रदेश समेत हरियाणा, मध्य प्रदेश, राजस्थान और पंजाब के 12 पद्म पुरस्कार प्राप्त प्रगतिशील किसान अपने अनुभव साझा करेंगे। वहीं, यूपी के नवाचारी किसानों को 25 जिला उत्कृष्टता पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रदर्शनी में दिखेगी खेती की नई तकनीक
प्रदर्शनी में कृषि मशीनरी, सिंचाई उपकरण, डिजिटल खेती, बीज, उर्वरक, डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी तकनीकें प्रदर्शित की जाएंगी। लाइव डेमो के साथ कंपनियों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), निवेशकों और सरकारी संस्थानों के बीच बैठकें भी होंगी।
डॉ. एमजे खान ने कहा कि आयोजन से प्रदेश में कृषि निवेश और वैश्विक साझेदारी के नए अवसर खुलेंगे। तुषार शर्मा के मुताबिक, किसानों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद और आधुनिक तकनीक की जानकारी देने की व्यवस्था की गई है। डॉ. एमपी भट्ट ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए वैज्ञानिक जानकारी और बेहतर बाजार तक पहुंच जरूरी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)