आजमगढ़ में बिना रजिस्ट्रेशन के चलने वाले दो अस्पताल सील:तीन को नोटिस, बिलरियागंज में पांच बेड का एनआईसीयू संचालित मिला

Oct 23, 2026 - 19:08
0
आजमगढ़ में बिना रजिस्ट्रेशन के चलने वाले दो अस्पताल सील:तीन को नोटिस, बिलरियागंज में पांच बेड का एनआईसीयू संचालित मिला
आजमगढ़ जिले में बिना वैध पंजीकरण के संचालित निजी अस्पतालों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। बिलरियागंज और बिंद्रा बाजार क्षेत्र में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान दो अपंजीकृत चिकित्सालयों को सील कर दिया गया, जबकि तीन अन्य चिकित्सा प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। कार्रवाई से निजी अस्पताल संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा को मिली सूचना के आधार पर उनके निर्देश पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी और निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के नोडल अधिकारी डॉ. मोहनलाल और पटल सहायक धीरेन्द्र शुक्ल की टीम ने विभिन्न अस्पतालों का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पतालों के पंजीकरण, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और मौके की स्थिति की जांच की गई। पांच बेड का एनआईसीयू संचालित मिला, अस्पताल सील निरीक्षण के दौरान बिलरियागंज स्थित श्री साईंनाथ चाइल्ड केयर अपंजीकृत पाया गया। अस्पताल में पांच बेड की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) संचालित मिली। मौके पर एक मरीज भी भर्ती था। मरीज की सुरक्षा और समुचित उपचार को ध्यान में रखते हुए उसे नजदीकी राजकीय अस्पताल में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल को सील कर दिया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बिलरियागंज स्थित जनसेवा नर्सिंग होम का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान यह नर्सिंग होम भी बिना पंजीकरण के संचालित पाया गया। हालांकि, निरीक्षण के समय यहां कोई मरीज भर्ती नहीं था। पंजीकरण संबंधी अनियमितता मिलने पर स्वास्थ्य विभाग ने इसे भी सील कर दिया। बिंद्रा बाजार के दो अस्पतालों को नोटिस स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिंद्रा बाजार स्थित मां मुखराजी चिकित्सालय और रमा हड्डी अस्पताल का भी निरीक्षण किया। दोनों प्रतिष्ठान अपंजीकृत पाए गए। विभाग ने दोनों को नोटिस जारी करते हुए पंजीकरण और अन्य आवश्यक अभिलेखों के संबंध में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। अभिलेखों और उपलब्ध तथ्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बिलरियागंज स्थित सृष्टि चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान परिसर में चार से पांच बेड लगे मिले। हालांकि, मौके पर न तो कोई मरीज मौजूद था और न ही अस्पताल का संचालक मिला। इस स्थिति को देखते हुए संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया है। स्वास्थ्य विभाग इसके संचालन और पंजीकरण से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User