अतरौली में सपा-भाजपा भिड़े, हाथापाई; मोबाइल टूटे:अलीगढ़ में बूथ कैप्चरिंग के आरोप पर विवाद, सपा बोली- मंत्री और पूर्व सांसद बूथ पर देर तक बैठे रहे, भाजपा बोली-सपाइयों ने किया विवाद

Oct 23, 2026 - 19:41
0
अतरौली में सपा-भाजपा भिड़े, हाथापाई; मोबाइल टूटे:अलीगढ़ में बूथ कैप्चरिंग के आरोप पर विवाद, सपा बोली- मंत्री और पूर्व सांसद बूथ पर देर तक बैठे रहे, भाजपा बोली-सपाइयों ने किया विवाद
आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव में शुक्रवार को अतरौली के केएमवी इंटर कॉलेज बूथ पर बूथ कैप्चरिंग और फर्जी वोटिंग के आरोपों को लेकर सपा-भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी देखते ही देखते धक्कामुक्की और हाथापाई में बदल गई। इस दौरान मोबाइल फोन टूटने के भी आरोप लगे। सपा ने आरोप लगाया कि प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह और एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू बूथ के अंदर काफी देर तक बैठे रहे और बूथ कैप्चरिंग तक का आरोप लगाया। वहीं, भाजपा का कहना है कि मंत्री और पूर्व सांसद मतदान करने पहुंचे थे। पानी पीने के लिए कुछ देर रुकने पर सपाइयों ने विवाद खड़ा किया, जबकि वे जबरन फर्जी वोटिंग कराने की कोशिश कर रहे थे। हंगामे के बाद सपा नेता गगन लोधी ने अतरौली थाने में तहरीर दी। भाजपा के नगर अध्यक्ष ने भी अपने साथ हाथापाई का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। घटनाक्रम शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे का है। राज्यमंत्री संदीप सिंह अपने पिता एवं एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह राजू के साथ केएमवी इंटर कॉलेज बूथ पर मतदान करने पहुंचे थे। मतदान के बाद राज्यमंत्री संदीप सिंह पहले ही वहां से निकल गए। राजवीर सिंह कुछ देर वहीं रुके रहे। इसी दौरान बूथ पर मौजूद सपा और भाजपा समर्थकों के बीच टिप्पणीबाजी और वीडियो बनाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ता देख राजवीर सिंह भी वहां से निकल गए। इसके बाद सपा नेता गगन लोधी और भाजपा के नगर अध्यक्ष अभय दीप के बीच कहासुनी ने हाथापाई का रूप ले लिया। दोनों पक्षों के समर्थक भी आमने-सामने आ गए। सपा का आरोप- अंदर बैठकर कराई जा रही थी बूथ कैप्चरिंग सपा समर्थकों का आरोप है कि मंत्री और पूर्व सांसद मतदान केंद्र के अंदर काफी देर तक बैठे रहे। इस दौरान बूथ पर गड़बड़ी कराए जाने और बूथ कैप्चरिंग की आशंका जताई गई। सपा पक्ष ने सवाल उठाया कि मतदान के लिए आने वाले नेताओं को अंदर इतनी देर तक रुकने की जरूरत क्यों पड़ी। इसी को लेकर विरोध और टिप्पणीबाजी शुरू हुई। सपा समर्थकों का कहना था कि वे कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठा रहे थे, लेकिन इस पर उनके साथ विवाद और मारपीट की गई। भाजपा का पलटवार- फर्जी वोटिंग कराना चाहते थे सपाई भाजपा कार्यकर्ताओं ने सपा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्यमंत्री और पूर्व सांसद मतदान करने आए थे। मतदान के बाद पानी पीने के लिए कुछ देर रुक गए थे। भाजपा का आरोप है कि सपा समर्थक जबरन फर्जी वोटिंग कराना चाहते थे। इसका विरोध करने पर उन्होंने विवाद शुरू कर दिया। भाजपा पक्ष ने एक महिला से अभद्रता किए जाने का आरोप भी लगाया। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ धक्कामुक्की और हाथापाई की गई। वीडियो बनाने और मोबाइल ले जाने पर भी भिड़े दोनों पक्ष विवाद के दौरान मोबाइल से वीडियो बनाने को लेकर भी तनातनी हुई। सपा समर्थकों ने सवाल उठाया कि मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल लेकर जाने और वीडियो बनाने की अनुमति किसने दी। इसी मुद्दे पर दोनों पक्षों में कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि हाथापाई के दौरान कुछ मोबाइल फोन गिरकर टूट गए। हंगामे के बीच पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए। काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही। थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारियों के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। सपा नेता ने दी तहरीर, पुलिस बोली- जांच के बाद कार्रवाई घटना के बाद सपा नेता गगन लोधी ने अतरौली थाने पहुंचकर अपने साथ मारपीट किए जाने की शिकायत दी। भाजपा के नगर अध्यक्ष ने भी हाथापाई का आरोप लगाया है। दूसरी ओर से भी तहरीर दी जा रही है। दोनों पक्षों के आरोपों के बीच पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अतरौली इंस्पेक्टर सुरेंद्र पांडेय के मुताबिक, बूथ पर हाथापाई हुई थी, लेकिन मारपीट जैसी बात सामने नहीं आई है। दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User