कानपुर में IT हब बनाने की तैयारी:सांसद प्रकाश पाल ने IIT विशेषज्ञों से की मुलाकात, बोले- PM से बात कर नई पहचान दिलाई जाएगी

Oct 23, 2026 - 19:41
0
कानपुर में IT हब बनाने की तैयारी:सांसद प्रकाश पाल ने IIT विशेषज्ञों से की मुलाकात, बोले- PM से बात कर नई पहचान दिलाई जाएगी
कानपुर को आईटी हब के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्यसभा सांसद शुक्रवार को IIT कानपुर पहुंचकर संस्थान के विशेषज्ञ प्रोफेसरों के साथ करीब एक घंटे तक चर्चा की। इस दौरान शहर में आईटी हब स्थापित करने की संभावनाओं, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने और किसानों तक जैविक खाद के फायदे पहुंचाने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में IIT कानपुर के डीन ऑफ रिसोर्स एंड एलुमनी प्रो. अमेय करकरे, प्रो. अंकुश शर्मा और प्रो. जयंत सिंह समेत अन्य शिक्षाविद मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने कानपुर की तकनीकी और औद्योगिक क्षमता का बेहतर इस्तेमाल करने के संबंध में सुझाव दिए। IT हब बनने से युवाओं को शहर में मिल सकते हैं रोजगार के अवसर सांसद प्रकाश पाल ने कहा कि कानपुर में आईटी हब की स्थापना समय की जरूरत है। शहर की औद्योगिक पहचान के साथ यहां मौजूद शैक्षणिक और तकनीकी संसाधनों को जोड़कर विकास की नई संभावनाएं तैयार की जा सकती हैं। उन्होंने कहा कि आईटी हब विकसित होने से कानपुर और आसपास के जिलों के युवाओं को सॉफ्टवेयर, आधुनिक तकनीक, स्टार्टअप और डिजिटल सेक्टर में रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को दूसरे शहरों की ओर पलायन करने के बजाय अपने क्षेत्र में ही आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। साथ ही निवेश और उद्यमिता को भी बढ़ावा मिल सकता है। केंद्र और प्रदेश के IT मंत्रियों से करेंगे चर्चा प्रकाश पाल ने बताया कि IIT कानपुर के विशेषज्ञों से मिले सुझावों के आधार पर आगे की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इस मुद्दे पर जल्द ही भारत सरकार के आईटी मंत्री और उत्तर प्रदेश सरकार के आईटी मंत्री के साथ बैठक करने की योजना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी कानपुर में आईटी हब की जरूरत और इससे जुड़ी संभावनाओं से अवगत कराया जाएगा। प्रयास है कि शहर की औद्योगिक विरासत, तकनीकी क्षमता और युवाओं की प्रतिभा का इस्तेमाल कर कानपुर को आईटी क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जाए। किसानों को जैविक खाद के फायदे बताने पर भी चर्चा बैठक में किसानों को जैविक खाद के प्रति जागरूक करने और कृषि में इसके उपयोग को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। इस दौरान वैज्ञानिक दृष्टिकोण और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से किसानों तक सही जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया। सांसद प्रकाश पाल ने कहा कि विकास का उद्देश्य केवल उद्योग और तकनीक तक सीमित नहीं होना चाहिए। किसानों की समृद्धि और समाज के सभी वर्गों के हितों को भी समान महत्व दिया जाना जरूरी है। बैठक में भाजपा के क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, क्षेत्रीय मंत्री वीरेंद्र तिवारी और पूर्व जिला अध्यक्ष दीपू पांडेय भी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User