आंध्र तट की ओर बढ़ा चक्रवात मुरासु, आज रात टकराएगा:3 NDRF टीमें तैनात, विजयवाड़ा में 10 फ्लाइट्स कैंसिल; चेन्नई में भारी बारिश, स्कूल बंद
बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात मुरासु आंध्र प्रदेश के तट की ओर तेजी से बढ़ रहा है। यह आज रात 11:30 बजे से 3 नवंबर की सुबह 4 बजे के बीच ओंगोल के पास तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किमी प्रति घंटा रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात मुरासु सोमवार सुबह 5:30 बजे तमिलनाडु के चेन्नई से 200 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से 210 किलोमीटर दूर था। यह 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। आंध्र प्रदेश में NDRF की तीन टीमें तैनात की गई हैं। खराब मौसम के चलते विजयवाड़ा के गन्नवरम एयरपोर्ट की 10 उड़ानें रद्द की गई हैं। चक्रवात का सबसे ज्यादा असर आंध्र के बापटला, कृष्णा और प्रकाशम जिलों में पड़ने की आशंका है। ओडिशा में भी भारी बारिश का अलर्ट है। तमिलनाडु के चेन्नई, चेंगलपट्टू और तिरुवल्लूर में रविवार रात से भारी बारिश हो रही है। चेन्नई में कई सड़कें डूब गईं। बारिश के चलते सभी स्कूल बंद हैं। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के कारण मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, केरल, तेलंगाना, कर्नाटक और महाराष्ट्र में भी भारी बारिश हो सकती है। चक्रवात के नाम का मतलब 'युद्ध का नगाड़ा' चक्रवात मुरासु का नाम भारत ने दिया है। तमिल भाषा में मुरासु का अर्थ 'युद्ध का नगाड़ा' होता है। मुरासु ने 1 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में चक्रवात का रूप लिया था। 24 घंटे के भीतर यह गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल गया। देश में एक हफ्ते के भीतर बंगाल की खाड़ी में यह दूसरा चक्रवात है। इससे पहले 28 अक्टूबर को चक्रवात ‘अर्नब’ आया था। लगातार दो चक्रवातों के बनने से इस दौरान बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के तटीय इलाकों में मौसम प्रभावित हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)