केशव मौर्य ने गंगा पर बन रहे ब्रिज को देखा:बोले- 2027 की शुरुआत तक चालू करने का लक्ष्य
प्रयागराज में गंगा नदी पर बन रहे 10 किलोमीटर लंबे 6 लेन ओवरब्रिज का सोमवार सुबह उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कंपनी के अधिकारियों से परियोजना की प्रगति जानी और काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। मौर्य ने कहा कि 25 दिसंबर तक ब्रिज की कम से कम दो लेन का काम पूरा करने का प्रयास किया जाए। यह दिन पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती है। उन्होंने कहा कि ब्रिज का निर्माण तकनीकी काम है। यदि 25 दिसंबर तक दो लेन का काम पूरा नहीं हो पाता है तो 2027 की शुरुआत में पूरे ब्रिज को चालू करने का लक्ष्य रखा गया है। फाफामऊ पुल के जाम से मिलेगी राहत केशव मौर्य ने कहा कि देश में अपनी तरह का यह पहला 6 लेन ब्रिज है। इसके बनने से प्रयागराज के यातायात और विकास को नई गति मिलेगी। पुराने फाफामऊ पुल पर अक्सर लगने वाले जाम से लोगों को परेशानी होती थी। इससे निपटने के लिए पहले पीपा पुल (पॉन्टून ब्रिज) भी बनवाया गया था। नया ब्रिज बनने से माघ मेले और कुंभ मेले में आने वाले कल्पवासियों और लाखों श्रद्धालुओं को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। रिंग रोड के तीसरे-चौथे चरण का काम जल्द पूरा करने पर जोर निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने प्रयागराज रिंग रोड परियोजना की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि रिंग रोड का पहला चरण पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे चरण का काम आगे बढ़ चुका है। तीसरे और चौथे चरण का काम भी जल्द पूरा करने के लिए अधिकारियों से आग्रह किया गया है। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद रिंग रोड के अंदर और बाहर नया प्रयागराज बसेगा। इससे शहर का विस्तार होगा और विकास को नई दिशा मिलेगी। प्रयागराज में बनेगा रिवॉल्विंग रेस्टोरेंट शहर के सौंदर्यीकरण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मौर्य ने प्रयागराज में रिवॉल्विंग रेस्टोरेंट बनाने की योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में फीडबैक लिया गया है। रेस्टोरेंट बनने से शहरवासी अपने परिवार के साथ वहां समय बिता सकेंगे। इससे प्रयागराज में पर्यटन की नई गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)