अब भाजपा ने उठाया फर्जी वोटरों का मुद्दा:शिक्षक MLC चुनाव से पहले भाजपा नेता निर्वाचन अधिकारी से बोले- बोगस वोटरों को रोकें

Oct 21, 2026 - 18:41
0
अब भाजपा ने उठाया फर्जी वोटरों का मुद्दा:शिक्षक MLC चुनाव से पहले भाजपा नेता निर्वाचन अधिकारी से बोले- बोगस वोटरों को रोकें
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान से पहले मतदाता सूची को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा नेताओं ने मतदाता सूची में बोगस, डुप्लीकेट और अपात्र मतदाताओं के नाम शामिल होने का मुद्दा उठाते हुए ऐसे लोगों को मतदान से रोकने की मांग की है। भाजपा नेताओं का दावा है कि सूची में एक ही नाम के मतदाता कई बार दर्ज हैं, जबकि कुछ मतदाताओं की जन्मतिथि भी निर्धारित आयु सीमा के अनुरूप नहीं है। इस संबंध में बुधवार को निर्वाचन क्षेत्र के अधिकारी, प्रयागराज को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई। एक नाम पर कई बार दर्ज हैं मतदाता, उम्र पर भी सवाल निर्वतमान भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं एमएलसी अनूप गुप्ता के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि इलाहाबाद-झांसी खंड की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में डुप्लीकेट नाम शामिल हैं। आरोप है कि कुछ प्रभावशाली स्नातक नेताओं ने एक ही नाम के मतदाताओं को दो से तीन बार सूची में दर्ज कराया है। इसके अलावा, कई मतदाताओं के एक से अधिक स्थानों पर अलग-अलग तथ्यों के आधार पर पंजीकृत होने का दावा भी किया गया है। ज्ञापन में मतदाताओं की उम्र को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान के लिए निर्धारित आयु और शैक्षिक योग्यता संबंधी शर्तों को पूरा करना जरूरी है। इसके बावजूद झांसी समेत अन्य जिलों की मतदाता सूचियों में कम उम्र के लोगों के नाम दर्ज होने की बात कही गई है। ज्ञापन के मुताबिक, वर्ष 2001, 2002, 2003, 2004 और 2005 में जन्मे युवाओं के नामों की जांच की जानी चाहिए। विशेष रूप से झांसी की मतदाता सूची में वर्ष 2002 के बाद जन्मे लोगों के नाम तत्काल हटाने की मांग की गई है। भाजपा नेताओं ने निर्वाचन अधिकारियों से ऐसे सभी नामों की पात्रता की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है। लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के उल्लंघन का आरोप भाजपा नेताओं ने ज्ञापन में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 और 18 का हवाला देते हुए कहा है कि एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में गलत तथ्यों के आधार पर पंजीकरण नियमों का उल्लंघन है। ज्ञापन में धारा 31 के तहत दंडात्मक कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया है। नेताओं का कहना है कि मतदाता सूची में इस तरह की गड़बड़ियों से चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हो सकती है। उन्होंने दावा किया कि पूर्व में भी मतदाता सूची में बोगस मतदाताओं के नाम शामिल किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। ऐसे में मतदान से पहले सूची की जांच कर अपात्र और डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान करना जरूरी है। सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों से कार्रवाई की मांग ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी मंडलों के मंडलायुक्तों और जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस संबंध में तत्काल निर्देश दिए जाएं। मतदाता सूची की जांच कर फर्जी और अपात्र मतदाताओं को मतदान से रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि 23 अक्टूबर को मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। भाजपा नेताओं ने यह भी बताया कि इस विषय को पार्टी के चुनाव संपर्क विभाग, लखनऊ के प्रदेश संयोजक अखिलेश कुमार अवस्थी ने 20 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हजरतगंज, लखनऊ के समक्ष भी उठाया है। कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद ज्ञापन सौंपने के दौरान राज्यसभा सांसद राधाकांत ओझा, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता आशीष गुप्ता, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, फूलपुर विधायक दीपक पटेल, शहर पश्चिमी विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, आशुतोष पांडेय और राजेश गोंड समेत अन्य नेता मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने निर्वाचन अधिकारियों से मांग की कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की गंभीरता से जांच कर समय रहते कार्रवाई की जाए, जिससे चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User