अधिवक्ता की हत्या के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन:फतेहपुर में सीएम के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन
फतेहपुर में जालौन के कालपी तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की हत्या के विरोध में बुधवार को अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबू सिंह यादव के नेतृत्व में वकील दोपहर करीब 3 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की। अधिवक्ताओं ने कहा कि 31 अक्टूबर 2026 को कालपी तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष गयादीन अहिरवार की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना से पूरे अधिवक्ता समाज में आक्रोश है। वकीलों ने हत्या की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए ज्ञापन में मांग की गई कि हत्या की घटना का जल्द खुलासा कर इसमें शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। दिवंगत अधिवक्ता के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए और परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। इसके अलावा प्रदेश में अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम जल्द लागू करने की मांग भी उठाई गई। अधिवक्ताओं का कहना है कि इस कानून के लागू होने से प्रदेशभर के वकीलों को सुरक्षा मिल सकेगी। इस दौरान जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बाबू सिंह यादव, महामंत्री अनुराग नारायण मिश्र समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)