पुलिस चौपाल लगाकर बाल विवाह रोकेगी:श्रावस्ती में बालश्रम, गुमशुदा बच्चों और बाल संरक्षण के मामलों की समीक्षा; ग्राम प्रधानों से मांगा सहयोग
श्रावस्ती पुलिस बाल विवाह, बालश्रम और बाल भिक्षावृत्ति रोकने के लिए गांव-गांव चौपाल लगाएगी। लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणाम बताए जाएंगे। बुधवार शाम 5:00 बजे पुलिस विभाग ने बताया कि ग्राम प्रधानों और स्थानीय लोगों से ऐसे मामलों की जानकारी तुरंत देने के लिए सहयोग मांगा गया है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में थाना एएचटी और विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) की मासिक समीक्षा बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में हुई बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकारी नगर आलोक कुमार सिंह ने की। बैठक में बालश्रम, बाल विवाह और बाल भिक्षावृत्ति रोकने के साथ पॉक्सो एक्ट के मामलों, गुमशुदा बच्चों की तलाश और बच्चों के संरक्षण व पुनर्वास की समीक्षा की गई। क्षेत्राधिकारी ने थानों में तैनात बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों, जांच अधिकारियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से उनके काम और समस्याओं की जानकारी ली।
क्षेत्राधिकारी नगर ने बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों को अपने इलाकों में जाकर लोगों को बालश्रम रोकने के लिए चल रही सरकारी योजनाओं और बच्चों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने को कहा। इसका मकसद पात्र बच्चों और उनके परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। बाल विवाह रोकने के लिए गांवों में नियमित दौरे और चौपाल करने के निर्देश दिए गए। ग्राम प्रधानों और स्थानीय लोगों से कहा गया कि उनके इलाके में बाल विवाह का मामला सामने आए तो पुलिस और बाल कल्याण समिति (CWC) को तुरंत सूचना दें, ताकि विवाह रोका जा सके। बैठक के अंत में क्षेत्राधिकारी नगर आलोक कुमार सिंह ने अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को बाल विवाह रोकने की शपथ दिलाई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)