अखिलेश यादव बोले-भाजपा बिना धांधली के चुनाव नहीं जीत सकती:लखनऊ में कहा- अधिकारी राजनीतिक कार्यकर्ता न बनें, वरना जेल जाएंगे
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को लखनऊ के मोहान रोड स्थित अभिनंदन रिसॉर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने मलिहाबाद विधानसभा क्षेत्र से सपा के पूर्व प्रत्याशी सोनू कनौजिया के पिता स्वर्गीय रामगोपाल कनौजिया की तेरहवीं में शामिल होकर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस मौक़े पर पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा और सरकार पर चुनाव में धांधली का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा बिना किसी हेराफेरी और धांधली के कोई चुनाव नहीं जीत सकती। शिक्षक-स्नातक निर्वाचन को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर शिक्षकों को डराने-धमकाने का दबाव बनाया जा रहा है। अधिकारी अधिकारी रहें, राजनीतिक कार्यकर्ता न बनें अखिलेश यादव ने कहा कि डीआईओएस और बीएसए फोन के जरिए शिक्षकों को धमका रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से चुनाव में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की अपील की। कहा कि अधिकारी अधिकारी रहें और राजनीतिक कार्यकर्ता न बनें। अगर अधिकारी राजनीतिक भूमिका में आए तो सरकार बदलने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई होगी और जेल जाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त प्रमाण मिलने पर अधिकारियों को जेल भेजने के लिए यही आधार पर्याप्त होगा। शिक्षा विभाग में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। भाजपा नेताओं के पास वोटर लिस्ट कैसे पहुंची? सपा प्रमुख ने दावा किया कि वोटर लिस्ट सामान्य तौर पर किसी के पास नहीं है, लेकिन भाजपा के मंत्रियों और नेताओं के पास इसकी जानकारी है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर यह डेटा उनके पास कैसे पहुंचा। अखिलेश ने कहा कि संभव है कि किसी कंपनी को डेटा के लिए हायर किया गया हो। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रियों की आवाज में वोटरों को कॉल किए जा रहे हैं। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से ऐसे कॉल की रिकॉर्डिंग करने को कहा। उन्होंने अयोध्या और फैजाबाद के चुनावों की रिकॉर्डिंग होने का भी दावा किया। शिक्षक-स्नातक चुनाव में सपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील अखिलेश यादव ने शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में सपा प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। स्नातक क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ से शशांक यादव, लखनऊ से कांति सिंह, इलाहाबाद-झांसी से डॉ. मान सिंह, वाराणसी-मिर्जापुर से आशुतोष सिन्हा और मेरठ-सहारनपुर से प्रमेन्द्र सिंह को प्रत्याशी बताया। शिक्षक क्षेत्र में आगरा-अलीगढ़ से डॉ. आकाश अग्रवाल, लखनऊ से सुशील पटेल, गोरखपुर-फैजाबाद से डॉ. संजयन त्रिपाठी, बरेली-मुरादाबाद से हाजी मोहम्मद दानिश अख्तर, वाराणसी-मिर्जापुर से लाल बिहारी यादव और मेरठ-गाजियाबाद से नितिन तोमर के पक्ष में मतदान की अपील की। महंगाई-बेरोजगारी बढ़ाने वाले देश के सबसे बड़े दुश्मन अखिलेश यादव ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई बढ़ाने वाले देश के सबसे बड़े दुश्मन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंकों को नुकसान पहुंचाया गया और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) को लेकर भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। अखिलेश ने कहा कि एलडीए को भाजपा के लोगों ने भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। मुख्यमंत्री की कुर्सी सुरक्षित नहीं अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की कुर्सी सुरक्षित नहीं है। जनता इस बार मुख्यमंत्री की कुर्सी छीनने जा रही है। उन्होंने कहा कि कुर्सी बचाने के लिए मुख्यमंत्री कुछ भी कह सकते हैं। विकास दुबे एनकाउंटर मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विकास दुबे की गाड़ी नहीं पलटी, बल्कि सरकार बचाई गई। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच में कई अधिकारियों और लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। जो भेदभाव करता है, वह सनातनी नहीं हो सकता सनातन को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि जो भेदभाव करता है, वह सनातनी नहीं हो सकता। जो सच नहीं बोलता और दूसरों के प्रति प्रेम नहीं रखता, वह सनातनी कैसे हो सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग श्रद्धा और आस्था दोनों के साथ खिलवाड़ करते हैं। आजम खान और शिक्षामित्रों के मुद्दे पर भी बोले अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने आजम खान के साथ बड़े पैमाने पर अन्याय किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आजम खान को न्याय दिलाने के लिए लगातार काम करती रहेगी। शिक्षामित्रों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने आधी-अधूरी योजना शुरू की थी। सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी शिक्षामित्रों को पूरा शिक्षक बनाकर सरकारी नौकरी देने का काम करेगी। आरक्षण, हक और सम्मान सिर्फ सपा दे सकती है अखिलेश यादव ने कहा कि आरक्षण, हक और सम्मान केवल समाजवादी पार्टी ही दे सकती है। एसआईआर को लेकर उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक व्यक्ति के चार और दस वोट निकलने जैसी गड़बड़ियों का क्या मतलब है। उन्होंने कहा कि जिस गणना पर करोड़ों रुपये खर्च हुए और जिसमें 29 बीएलओ की जान चली गई, उसकी गलतियों को अब निर्वाचन आयोग छोटी-मोटी गलती बता रहा है। अखिलेश ने कहा कि यह छोटी-मोटी नहीं, बल्कि बहुत बड़ी गलती है। उन्होंने कहा कि पीडीए प्रहरी की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि निर्वाचन आयोग अपनी गणना में हुई गलतियों को स्वीकार कर रहा है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा जब चुनाव में हारने लगती है तो चुनाव आयोग के साथ मिलकर काम करती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)