छात्रों के प्रदर्शन के बाद हटाए गए हेल्प डेस्क प्रभारी:जांच कमेटी गठित, तीन घंटे तक कुलपति आवास पर दिया धरना

Oct 21, 2026 - 18:57
0
छात्रों के प्रदर्शन के बाद हटाए गए हेल्प डेस्क प्रभारी:जांच कमेटी गठित, तीन घंटे तक कुलपति आवास पर दिया धरना
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में हेल्प डेस्क प्रभारी विशालदीप को पद से हटाने की मांग को लेकर छात्र नेताओं ने बुधवार को खंदारी परिसर स्थित कुलपति आवास पर धरना दिया। करीब तीन घंटे तक चले धरने के बाद दो छात्र नेताओं को कुलपति से वार्ता के लिए बुलाया गया। करीब आधे घंटे से अधिक चली बातचीत के बाद कुलपति ने विशालदीप को प्रभारी पद से हटाने का आदेश जारी कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है। छात्र नेता पहले कुलपति कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां सभी गेट बंद मिले। इसके बाद वे खंदारी परिसर स्थित कुलपति आवास पर पहुंचकर धरने पर बैठ गए। करीब तीन घंटे तक कोई वार्ता करने नहीं आया। इसके बाद विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. गौरव शर्मा और सपा छात्र सभा के छात्र नेता निर्वेश शर्मा को कुलपति से बातचीत के लिए अंदर बुलाया गया। दोनों ने कुलपति के सामने अपनी मांग रखी। छात्र नेताओं की मुख्य मांग विशालदीप को हेल्प डेस्क प्रभारी पद से हटाने की थी। वार्ता के बाद कुलपति ने इस पर आदेश जारी कर दिया। अब विशालदीप हेल्प डेस्क पर केवल कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में काम करेंगे। मामले की जांच के लिए कमेटी भी बनाई गई है। प्रदर्शन में विश्वविद्यालय छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. गौरव शर्मा, छात्र सभा के पूर्व महानगर अध्यक्ष निर्वेश शर्मा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष सतीश सिकरवार, हर्ष उपाध्याय, छात्र सभा जिला महासचिव तेजू यादव, अपूर्व शर्मा, विजय यादव, जयंत, हेमंत जादौन, मो. शाकिर, अभिषेक लोधी और ओम पंडित सहित अन्य छात्र नेता मौजूद रहे। बीएएलएलबी रिजल्ट में सुधार नहीं होने पर 17 अक्टूबर को टंकी पर चढ़े थे छात्र विश्वविद्यालय में बीएएलएलबी के रिजल्ट में गड़बड़ी का मामला भी छात्रों के विरोध की वजह बना हुआ है। 17 अक्टूबर को विद्यार्थियों ने रिजल्ट में सुधार की मांग को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में पानी की टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया था। छात्रों का आरोप है कि शिकायत करने के बावजूद रिजल्ट में सुधार नहीं किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने बुधवार को एनएसयूआई के साथ विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। छात्रों की मांग है कि रिजल्ट की गड़बड़ियों को जल्द ठीक किया जाए, ताकि उन्हें आगे की पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक कार्यों में परेशानी न हो।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User