मिर्जापुर में 9312 अभ्यर्थी देंगे PET परीक्षा:28, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को 24 केंद्रों पर होगी, 30 मिनट पहले बंद होगा गेट
मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा 28 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को दो-दो पालियों में होगी। जिले के 24 केंद्रों पर कुल 9312 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के लिए चार राजकीय, 13 अशासकीय सहायता प्राप्त, छह सीबीएसई और एक अन्य महाविद्यालय को केंद्र बनाया गया है। परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक होगी।
डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, टैबलेट, पेन ड्राइव, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट चश्मा, ईयरफोन, कलाई घड़ी, एटीएम कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, धातु से बनी सामग्री और प्रतिबंधित कागजात ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से डाउनलोड प्रवेश पत्र, मूल आधार कार्ड और एक फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ लेकर आएं। प्रवेश पत्र पर दिए निर्देशों का अध्ययन कर परीक्षा केंद्र पहुंचें। परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र और पहचान संबंधी दस्तावेजों का सत्यापन होगा। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, बिजली और जनरेटर जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। डीएम ने केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, परीक्षा से पहले केंद्रों को जांचने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेंद्र सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक राजकुमार दीक्षित समेत संबंधित अधिकारी और केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)