मिसकैरेज के बाद इलाज के लिए मांगे 3 हजार रुपए:महोबा महिला अस्पताल की स्टाफ नर्सों पर अभद्रता और इलाज से इनकार का आरोप
महोबा जिला महिला अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही और पैसे मांगने का मामला सामने आया है। तीन महीने की गर्भवती महिला का मिसकैरेज होने के बाद इलाज कराने पहुंचे पति-पत्नी ने डॉक्टर और अस्पताल स्टाफ पर पैसे मांगने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। शुक्रवार को दोनों ने सीएमओ कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत की और संबंधित डॉक्टर व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सीएमओ ने मामले की जांच कराकर कार्रवाई का भरोसा दिया है। डॉक्टर ने स्टाफ के पास भेजा, दवाएं बाहर से लाने को कहा जैतपुर विकासखंड के बछेछर खुर्द गांव निवासी मंजू यादव का मिसकैरेज हो गया था। इसके बाद उनके पति यादवेंद्र सिंह उन्हें इलाज के लिए जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे। मंजू के मुताबिक, उन्होंने ओपीडी में डॉक्टर वर्मा को दिखाया। डॉक्टर ने उन्हें अस्पताल के ऊपर मौजूद स्टाफ के पास भेज दिया। मंजू का आरोप है कि वहां मौजूद स्टाफ नर्सों ने उन्हें बाहर से इंजेक्शन और दवाएं लाने के लिए कहा। इस दौरान उनके पति ने एक हजार रुपए देने की बात कही, लेकिन स्टाफ ने तीन हजार रुपए की मांग की। पैसे देने में असमर्थता जताई तो अभद्रता का आरोप मंजू के मुताबिक, जब उनके पति ने तीन हजार रुपए देने में असमर्थता जताई तो स्टाफ ने उनके साथ अभद्रता की और इलाज करने से इनकार कर दिया। उन्होंने जब उच्चाधिकारियों से शिकायत करने की बात कही तो स्टाफ मुफ्त में इलाज करने के लिए तैयार हो गया। हालांकि, महिला का कहना है कि तब तक उनका भरोसा उठ चुका था। आरोप है कि पैसे देने से मना करने के बाद उनका रेफर भी बना दिया गया। सीएमओ कार्यालय पहुंचकर की शिकायत शुक्रवार को मंजू यादव और उनके पति यादवेंद्र सिंह सीएमओ कार्यालय पहुंचे। उन्होंने संबंधित डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ उनका तबादला करने की मांग की। सीएमओ डॉ. विनय कुमार ने शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे बताया कि उन्होंने महिला से मुलाकात की है। उनकी ओर से लिखित शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)