अलीगढ़ के वकीलों ने किया वर्क बहिष्कार:प्रयागराज की घटना के विरोध में हाईकोर्ट बार के अधिवक्ताओं के समर्थन में बार एसोसिएशन का फैसला

Oct 30, 2026 - 14:18
0
अलीगढ़ के वकीलों ने किया वर्क बहिष्कार:प्रयागराज की घटना के विरोध में हाईकोर्ट बार के अधिवक्ताओं के समर्थन में बार एसोसिएशन का फैसला
प्रयागराज में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के साथ हुए दुर्व्यवहार और वरिष्ठ अधिवक्ता का मजाक उड़ाए जाने के विरोध में अलीगढ़ के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को वर्क बहिष्कार किया। दी अलीगढ़ बार एसोसिएशन ने बैठक में सर्वसम्मति से इसका प्रस्ताव पारित किया। साथ ही सभी न्यायालयों से अनुरोध किया कि कार्य बहिष्कार के दौरान किसी भी पत्रावली में प्रतिकूल (एडवर्स) आदेश पारित न किया जाए। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष उमेश कुमार पाठक की अध्यक्षता में शुक्रवार सुबह 10:30 बजे दीवानी परिसर स्थित कार्यालय में बैठक हुई। इसमें 28 अक्टूबर को प्रयागराज में हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं के साथ हुई घटना पर चर्चा की गई। अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक से माफी मांगने संबंधी वक्तव्य को घोर निंदनीय बताया। उनका कहना था कि इस घटना से अधिवक्ता समाज के सम्मान, स्वाभिमान और गरिमा को ठेस पहुंची है। बैठक में मौजूद अधिवक्ताओं ने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन, प्रयागराज के साथ एकजुटता जताते हुए उनके समर्थन में न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया। इसके बाद सर्वसम्मति से वर्क बहिष्कार का प्रस्ताव पारित किया गया। तय किया कि सिर्फ वेल वर्क किया जाएगा। एसोसिएशन की ओर से प्रस्ताव की प्रतिलिपि जिला जज, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, उपश्रमायुक्त, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, उपभोक्ता फोरम, किशोर न्याय बोर्ड और स्थायी लोक अदालत समेत सभी संबंधित न्यायालयों को भेजी गई। बैठक में बार एसोसिएशन के महासचिव अनिल कुमार शर्मा समेत अन्य पदाधिकारी और अधिवक्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User