ग्वालटोली में करवाचौथ वाले दिन पति ने फंदा लगाया:पत्नी बोली- मैंने जिसके लिये व्रत रखा उसने साथ छोड़ा, जीकर क्या करना,15 दिन पहले हुआ था बेटा
कानपुर के ग्वालटोली में करवा चौथ का व्रत रखकर पति की लंबी उम्र की कामना कर रही पत्नी को शाम को उसकी मौत की खबर मिली तो वह बदहवास हो गई। जिस पति के लिए उसने दिनभर निर्जला व्रत रखा था, उसी के घर लौटने और गिफ्ट व साड़ी लाने का इंतजार करती रही, लेकिन चांद निकलने से पहले उसकी मौत की खबर आ गई। पति की मौत की जानकारी मिलते ही पत्नी प्रिया बेहोश हो गई। होश आने पर वह रोते हुए कहती रही कि पति ने शाम को घर आने और गिफ्ट देने का वादा किया था। वहीं, मृतक के बड़े भाई ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर 50 हजार रुपये के कर्ज को लेकर भाई को प्रताड़ित करने और उसकी पत्नी के जेवर अपने पास रख लेने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्वालटोली निवासी विपिन प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में उनके दो भाई राहुल उर्फ पिंटू (35) और अंकित हैं। माता-पिता की कुछ समय पहले मौत हो चुकी है। राहुल भी एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी करता था। परिवार में पत्नी प्रिया और 15 दिन का बेटा है। बड़े भाई विपिन ने बताया कि राहुल ने शादी के दौरान पड़ोस में रहने वाली गुड्डी मिश्रा के माध्यम से एक समूह संस्था से करीब 50 हजार रुपये का कर्ज लिया था। शुरुआत में उसने दो-चार किस्तें जमा कीं, लेकिन बाद में किसी कारण से किस्तें जमा नहीं कर पाया। आरोप- गालीगलौज कर पत्नी के जेवर ले गई महिला विपिन का आरोप है कि किस्तें जमा नहीं होने पर गुड्डी कुछ दिन पहले उनके घर पहुंची और राहुल व उसकी पत्नी के साथ गालीगलौज की। इसके बाद वह राहुल की पत्नी के जेवर अपने साथ ले गई। महिला ने कहा था कि जब समूह का पैसा लौटा दोगे, तभी जेवर वापस मिलेंगे। विपिन के मुताबिक, इस घटना के बाद से राहुल काफी परेशान रहने लगा था। बीते रविवार को भी गुड्डी घर आई थी और राहुल को अपमानित करते हुए गालीगलौज की थी। पत्नी को मायके छोड़कर आया था, बोला था- काम करके छुड़वा लूंगा जेवर
विपिन ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले राहुल अपनी पत्नी प्रिया को मायके छोड़ आया था। उसने पत्नी से कहा था कि वह दिन और रात दोनों शिफ्ट में काम करके ज्यादा पैसे कमाएगा और जल्द ही उसके जेवर छुड़वा लेगा। गुरुवार सुबह करवा चौथ पर प्रिया ने राहुल से घर आने को कहा था। इस पर राहुल ने ड्यूटी से सीधे घर आने और शाम तक उसके लिए गिफ्ट व साड़ी लेकर पहुंचने का वादा किया था। प्रिया दिनभर पति के आने का इंतजार करती रही।
फोन बंद मिला तो पड़ोसी को भेजा, फंदे पर लटका मिला शव इधर, गुरुवार शाम करीब चार बजे राहुल ने घर के अंदर दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। काफी देर तक पति का फोन नहीं उठा और बाद में बंद बताने लगा तो प्रिया ने पड़ोस में रहने वाले शिवम को फोन कर घर जाकर देखने के लिए कहा। शिवम घर पहुंचा और काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। इस पर उसने दरवाजे से झांककर देखा तो राहुल का शव फंदे से लटका हुआ था। यह देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल राहुल के भाइयों को सूचना दी और घटना की जानकारी प्रिया को दी।
मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में घर पहुंचे तो राहुल का शव फंदे पर लटका मिला। इसके बाद पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही ग्वालटोली थाने का पुलिस बल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस बोली- तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई ग्वालटोली थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)