सिंचाई संघ ने 12 मांगों का ज्ञापन सौंपा:महराजगंज में डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा, भर्ती और सेवा नियमावली में बदलाव की मांग
महराजगंज में सिंचाई संघ, उत्तर प्रदेश ने कर्मचारियों की पुरानी पेंशन और सेवा संबंधी मांगों को लेकर आंदोलन शुरू किया है। शुक्रवार, 30 अक्टूबर को संघ के पदाधिकारियों ने जिला मुख्यालय पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को मुख्यमंत्री के नाम 12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संघ ने प्रदेशव्यापी आंदोलन के पहले चरण में सभी खंडीय शाखाओं के जरिए ज्ञापन देने का आह्वान किया था। संघ का कहना है कि कर्मचारियों की कई समस्याएं दशकों से शासन और विभाग में लंबित हैं। इन पर द्विपक्षीय बातचीत के जरिए अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। संघ की मांग है कि सींचपाल, नलकूप चालक और सींच पर्यवेक्षक की करीब 70 साल पुरानी सेवा नियमावली में बदलाव कर उसे जल्द लागू किया जाए। प्रदेश में नलकूप चालकों के 12,700 खाली पदों पर भर्ती और करीब 27 हजार नए पद बनाने की मांग भी की गई है। संघ के मुताबिक, प्रदेश में 46 हजार से ज्यादा सरकारी नलकूप हैं, जिनके संचालन की जिम्मेदारी करीब छह हजार चालकों पर है। कई चालकों से 10 से 20 नलकूप चलवाए जा रहे हैं। सींचपाल के 6,381 स्वीकृत पदों में करीब 1,800 कर्मचारी ही काम कर रहे हैं। संघ का कहना है कि इससे कर्मचारियों पर अतिरिक्त काम का बोझ पड़ रहा है। संघ ने नलकूप चालकों की वेतन विसंगति दूर करने और पांच साल की संतोषजनक सेवा पूरी कर चुके कर्मचारियों को 2,400 रुपये ग्रेड वेतन देने की मांग भी रखी। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, शिव शंकर राय, राजेंद्र प्रसाद, सर्वजीत सिंह, घनश्याम प्रसाद, रामकिशोर, प्रमोद सिंह, मुबारक अली, अजीत कुमार सिंह, रोशन कुमार झा, हरिओम सिंह, दीपक मौर्य, अखिलेश प्रसाद और सिद्धार्थ नारायण त्रिपाठी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)