अलीगढ़ में विशेष मतदाता शिविर शुरू:मतदाता सूची में नाम नहीं तो 12 नवंबर से फिर मिलेगा मौका, डीएम ने बूथों का किया निरीक्षण

Oct 24, 2026 - 18:12
0
अलीगढ़ में विशेष मतदाता शिविर शुरू:मतदाता सूची में नाम नहीं तो 12 नवंबर से फिर मिलेगा मौका, डीएम ने बूथों का किया निरीक्षण
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूट गए पात्र नागरिकों को एक और मौका मिलेगा। 12 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष अभियान में वे मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे पहले शनिवार को अलीगढ़ की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और पहले से दर्ज नामों के सत्यापन का काम किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार सिंह ने मैरिस रोड स्थित चिल्ड्रेन एकेडमी में पहुंचकर अभियान का जायजा लिया और बीएलओ को पात्र नागरिकों, खासकर पहली बार वोट डालने वाले युवाओं के नाम सूची में शामिल करने के निर्देश दिए। सभी विधानसभा क्षेत्रों में लगे शिविर निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय स्थलों पर बीएलओ ने शिविर लगाए। इनमें एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूट गए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं से आवेदन लिए गए। साथ ही पहले से तैयार मतदाता सूची का दोबारा सत्यापन किया जा रहा है, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम छूटने की आशंका दूर की जा सके। मैरिस रोड पर नौ बूथों का लिया जायजा जिला निर्वाचन अधिकारी ने चिल्ड्रेन एकेडमी में बूथ संख्या 50 से 58 तक चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। इन बूथों पर इरम, फिरदौस रिजवी, फरजाना मजहर, बुशरा फातिमा, जगदीश, किश्वर सुल्ताना, खुशबू, एस. बशीर उल हसन और हिना परवीन मतदाता पंजीकरण एवं सत्यापन का कार्य करते मिले। निरीक्षण के दौरान अभियान की प्रगति देखी गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नाम जरूर जांचें, छूटने पर करें आवेदन जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है। इसके लिए बीएलओ को आवश्यक प्रपत्र उपलब्ध कराने के साथ प्रशिक्षण भी दिया गया है। लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जरूर जांच लें। यदि नाम दर्ज नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें। मौजूदा अभियान में नाम दर्ज कराने से छूटने वाले पात्र नागरिक 12 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष अभियान में भी आवेदन कर सकेंगे। ईआरओ-एईआरओ ने भी किया निरीक्षण विशेष अभियान को गति देने और मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) ने भी विभिन्न मतदेय स्थलों पर लगाए गए शिविरों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और सत्यापन का काम गंभीरता से करने पर जोर दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User