अमरोहा में मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग:कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा, पुतला फूंकने को लेकर पुलिस से खींचतान

Sep 28, 2026 - 13:18
0
अमरोहा में मुख्य चुनाव आयुक्त को बर्खास्त करने की मांग:कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा, पुतला फूंकने को लेकर पुलिस से खींचतान
अमरोहा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सुबह करीब 11 बजे जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गांधी मूर्ति से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंकने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने उनसे छीन लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच पुतले को लेकर खींचतान भी हुई। कांग्रेसियों ने केंद्र की भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह कटारिया के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कई आरोप लगाए गए हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि पिछले 10 महीनों में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने आयोग के कुछ फैसलों और प्रक्रियाओं पर 14 बार आपत्ति दर्ज की। इन आपत्तियों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), नए मतदाताओं को जोड़ने और नाम हटाने तथा चुनावी डाटा और IT प्रणाली के केंद्रीकरण से जुड़े मुद्दों का उल्लेख किया गया है। हालांकि, चुनाव आयोग की ओर से इन रिपोर्टों के बाद कहा गया था कि SIR समेत आयोग के सभी फैसले तीनों चुनाव आयुक्तों की सहमति से लिए गए हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में इन मुद्दों को अपने ‘वोट चोरी’ अभियान से जोड़ते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को तत्काल पद से हटाने और गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही। प्रदर्शन में ऋषिपाल धींगान, मैराज हुसैन, ओंकार कटारिया, फैज आलम राईनी, चौधरी सुखराज सिंह, मोहसिन अली, वसीम, इंतेजार और यासिर समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User