झांसी में स्लीपर बस पलटने से 33 यात्री घायल:कानपुर से राजकोट जा रही थी, 70 लोग सवार थे, शीशें तोड़कर घायलों को निकाला
झांसी में रविवार देर रात स्लीपर बस पलटने से 33 यात्री घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। जहां 4 घायलों की स्थिति नाजुक बनी है। कानपुर से राजकोट जा रही बस में लगभग 80 यात्री सवार थे। रात लगभग 11 बजे बस बड़ागांव क्षेत्र के सीमेंट फैक्ट्री के पास पहुंची तो अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके बाद बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस की खिड़कियों के शीशें तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। एक यात्री का पैर बस के नीचे दब गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बस काटकर उसे बाहर निकाला जा सका। बस पलटने का कारण बस की तेज स्पीड बताई जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हादसा बड़ागांव थाना क्षेत्र में झांसी-कानपुर हाइवे पर हुआ है। तस्वीरें… कानपुर से रवाना हुई थी बस यात्रियों के अनुसार, बस रविवार शाम करीब चार बजे कानपुर के ट्रांसपोर्ट नगर से रवाना हुई थी। जो राजकोट जा रही थी। रात करीब 11 बजे झांसी-कानपुर हाईवे पर बड़ागांव स्थित सीमेंट फैक्टरी के पास पहुंचते ही बस अनियंत्रित हो गई। रफ्तार अधिक होने के कारण बस सड़क किनारे जाकर पलट गई। बस पलटते ही यात्री अंदर फंस गए। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए दौड़ पड़े। कुछ ही देर में बड़ागांव थाना पुलिस और सीओ सदर सिमरन सिंह मौके पर पहुंच गईं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को भी बुलाया गया। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। घायलों को चार एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। घायल यात्री बोले- सवारी बैठाने के चक्कर में पलटी बस घायल यात्री हमीरपुर के अंकित ने बताया- हम लोग झोल्हूपुर मोड़ से बस में बैठे थे और कमाने के लिए अहमदाबाद जा रहे थे। जब हादसा हुआ तो मैं जाग रहा था। पहले बस एक होटल में रुकी। वहां यात्रियों ने खाना खाया। पता नहीं ड्राइवर ने शराब पी या कुछ और। झांसी पहुंचने पर कंडेक्टर बोला कि सवारी खड़ी है। तभी ड्राइवर ने सवारी के चक्कर में बस को नीचे उतार दिया और फिर संभाल नहीं पाया। इसके बाद बस पलट गई। घायल नेपाल के दिनेश ने बताया- मैं दो महिला समेत 7 लोगों के साथ नेपाल से भारत आया। कानपुर से बस में सवार हो मुंबई जा रहा था। कोई भाई से मिलने तो कोई बहन से मिलने जा रहा था। बस में हम सब लोग सो रहे थे, तभी बस पलट गई। इसके बाद बस के अंदर चीख पुकार मच गई। लोगों ने शीशें तोड़कर सबको बाहर निकाला। घायल यात्री दीपक कुमार ने बताया- हम 6 लोग सूरत जा रहे थे। झकरकटी से बस में बैठे थे। हम सब लोग सो रहे थे। हर स्लीपर में 5 से 6 लोग बैठे थे। शायद ओवरटेक करते समय बस पलट गई। इसके बाद हम लोग शीशें तोड़कर बाहर निकले। दो घंटे बस में फंसा रहा यात्री हादसे के बाद पुखरायां निवासी आशीष शुक्ला बस के अंदर काफी देर तक फंसा रहा। उसका पैर बुरी तरह फंसा था। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत की लेकिन सफल नहीं हो सके। फायर ब्रिगेड की मदद ली गई। कटर से बस काटकर आशीष को बाहर निकाला जा सका। हादसे के बाद पुलिस ने झांसी-कानपुर हाईवे पर यातायात रोक दिया। वाहनों को दूसरे रास्ते से निकाला जाने लगा। इससे वैकल्पिक मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। विधायक ने रुकवाया काफिला गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत क्षेत्र से लौट रहे थे। हादसा देख उन्होंने अपना काफिला रुकवा लिया और मौके से घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाने के इंतजाम किए। तब एक घायल आशीष शुल्का बस में फंसा था। विधायक ने तुरंत रेस्क्यू शुरू कराया। इसके बाद वो मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों से बातचीत की। विधायक जवाहर लाल राजपूत ने बताया कि हादसे में 33 यात्रियों को चोटें आई हैं। सभी को मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। बताया जा रहा है कि तेज गति में होने से बस पलटी है। सब लोग सकुशल हैं। वहीं, मेडिकल कॉलेज के ईएमओ डॉ. अभिषेक यादव ने बताया- 4 घायलों को गंभीर चोट हैं, बाकी सभी खतरे से बाहर हैं। हादसे में घायल 33 लोगों को मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती बस हादसे में घायल हुए लोगों को उपचार के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचे घायलों में कानपुर के अकबरपुर निवासी मनीष (26), सोमवती (26), राहुल (22), संजना (24), हमीरपुर निवासी अंकित (25), अमर सिंह (18), आशुतोष (20), ललितपुरन निवासी यश (6), फिरोजाबाद निवासी आनंद (30), फतेहपुर निवासी रोहित (19), अयोध्या निवासी शिवा (18), अमरजीत (25), कानपुर नगर निवासी आशीष (18), फतेहपुर निवासी दीपक (20), सर्वेश (20) समेत 33 लोग घायल हैं। एसपी सिटी बोली- जांच कर रहे हैं एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया- एक स्लीपर बस कानपुर से अहमदाबाद की ओर जा रही थी। बस झांसी में अनियंत्रित होकर पलट गई। इसमें लगभग 55 सवारियां सवार थीं। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। बस के पीछे दो हाइड्रा भी चल रहे थे। हादसे के बाद दोनों हाईड्रा भी आपस में एक-दूसरे से भिड़ गए। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)