28 साल बाद हत्या का दोषी हाईकोर्ट से बरी:मामला गोरखपुर का, एकमात्र चश्मदीद की गवाही में गंभीर विरोधाभास
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हत्या के करीब 28 साल पुराने मामले में निचली अदालत से उम्रकैद की सजा पाए आरोपी को बरी कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि अभियोजन का पूरा मामला एकमात्र चश्मदीद गवाह की गवाही पर आधारित था, लेकिन उसकी गवाही भरोसेमंद और उच्च गुणवत्ता की नहीं थी। गवाह के बयान में कई महत्वपूर्ण विरोधाभास थे, जिनकी अन्य साक्ष्यों से पुष्टि भी नहीं हुई। ऐसे में केवल उसकी गवाही के आधार पर आरोपी को दोषी ठहराना उचित नहीं है। यह आदेश न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह और न्यायमूर्ति समीर जैन की खंडपीठ ने शाहबजादा मिश्रा की आपराधिक अपील स्वीकार करते हुए दिया। जानिये क्या है पूरा मामला मामला गोरखपुर के सिकरीगंज थाने में वर्ष 1988 में दर्ज हत्या के मुकदमे से जुड़ा था। अभियोजन के अनुसार, बच्चों के बीच हुए विवाद को लेकर 11 अप्रैल 1988 को आरोपी शाहबजादा मिश्रा और उसके पिता शीतल मिश्रा ने लल्लन सिंह को रास्ते में घेर लिया। आरोप था कि पिता के उकसाने पर शाहबजादा ने भाले से लल्लन सिंह के पेट में वार कर दिया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी। मामले में निचली अदालत ने आरोपी को दोषी करार देते हुए उम्रकैद और 10 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। गंभीर विरोधाभास सामने आए हाईकोर्ट ने पाया कि मामले में मृतक के भाई बैजनाथ सिंह ही एकमात्र प्रत्यक्षदर्शी थे। उनके बयान में कई गंभीर विरोधाभास सामने आए। उन्होंने मुख्य परीक्षण में कहा कि घायल भाई को अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई थी, जबकि जिरह में कहा कि घटना के बाद वह बेहोश हो गए थे और घर पर ही रुक गए थे। इसी तरह मुख्य परीक्षण में चोट पेट पर लगने की बात कही, जबकि जिरह में बताया कि आरोपी ने जांघ पर वार किया था। कोर्ट ने यह भी पाया कि गवाह ने कहा था कि घायल को वाहन की व्यवस्था नहीं होने के कारण चारपाई पर अस्पताल ले जाया गया, जबकि उसके पास घटना के समय ट्रैक्टर मौजूद था। घटना की वजह बताए गए बच्चों के विवाद के बारे में भी गवाह को प्रत्यक्ष जानकारी नहीं थी। कोर्ट ने माना अभियोजन विफल खंडपीठ ने कहा कि कानून में एक गवाह की गवाही के आधार पर भी दोषसिद्धि संभव है, लेकिन इसके लिए उसका बयान पूरी तरह विश्वसनीय होना चाहिए। इस मामले में कथित हत्या में इस्तेमाल भाला भी बरामद नहीं हुआ और दूसरे प्रत्यक्षदर्शियों की गवाही भी अदालत में नहीं कराई गई। कोर्ट ने माना कि अभियोजन आरोपी के खिलाफ आरोप संदेह से परे साबित करने में विफल रहा है। इसी आधार पर हाईकोर्ट ने निचली अदालत का दोषसिद्धि आदेश रद्द करते हुए शाहबजादा मिश्रा को सभी आरोपों से बरी कर दिया और उसे तत्काल रिहा करने का आदेश दिया, बशर्ते वह किसी अन्य मामले में वांछित न हो।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)