जमीन पर काम करने वालों को ही मिलेगा टिकट:विनोद तावड़े ने एसएसआर में काम नहीं करने पर जताई नाराजगी, प्रवासी बहनों की व्यवस्था नहीं होने पर भी नेतृत्व नाराज

Nov 23, 2026 - 13:46
0
जमीन पर काम करने वालों को ही मिलेगा टिकट:विनोद तावड़े ने एसएसआर में काम नहीं करने पर जताई नाराजगी, प्रवासी बहनों की व्यवस्था नहीं होने पर भी नेतृत्व नाराज
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने पार्टी के विधायकों को साफ कहा कि जमीन पर पार्टी का काम करने वालों को ही टिकट देंगे, जो संगठन के कामकाज में सक्रिय नहीं रहेगा उसके बारे में पार्टी विचार नहीं करेगी। विनोद तावड़े ने सोमवार को सुबह भाजपा के विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण पर बात की। विनोद तावड़े ने विधायकों से दो टूक शब्दों में कहा कि आप लोग पार्टी की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एसएसआर में नहीं लग रहे हैं। विधायक बूथ पर नहीं जा रहे हैं, भारत निर्वाचन आयोग की ओर से शनिवार और रविवार को पोलिंग बूथों पर विशेष कैंप लगाए गए थे लेकिन विधायक और विधान परिषद सदस्य वहां मौजूद नहीं हुए। विनोद तावड़े ने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता बढ़ाने के लिए एसएसआर अंतिम मौका है, यदि इसमें मतदाता नहीं बढ़ाए तो दिक्कत होगी। उन्होंने कहा कि विधायक और विधान परिषद सदस्य पार्टी के पदाधिकारियों और बूथ कमेटियों के साथ समन्वय करें। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि सभी विधायकों को एसएसआर का काम और उनकी जिम्मेदारी पहले ही बताई गई है। इस काम में किसी प्रकार की लेटलतीफी नहीं होनी चाहिए। 26 से 28 अक्टूबर तक महिला मतदाताओं और 1 से 3 दिसंबर तक युवा मतदाताओं को जोड़ने का विशेष अभियान चलेगा। इसकी तैयारी अभी से शुरू करें, कोई भी पात्र महिला और युवा मतदाता का नाम वोटर लिस्ट से छूटना नहीं चाहिए। शक्ति केंद्र पर चौपाल लगाएं भाजपा के महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि विधायक आगामी तीन-चार दिन तक प्रतिदिन चार-पांच शक्ति केंद्र पर जाकर चौपाल लगाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता को उत्साहित और सक्रिय करना विधायकों की जिम्मेदारी हैं। कार्यकर्ताओं से संवाद करें, उनकी सुनवाई करें ताकि वह काम में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि छोटी छोटी चौपाल लगानी है, बड़ी चौपाल से काम नहीं चलेगा। सभी सांसदों और जिलाध्यक्षों को भी चौपाल लगाने के लिए कहा है। प्रवासी बहनों की अव्यवस्था पर नाराज भाजपा की ओर से विधानसभा चुनाव में महिलाओं के बीच पार्टी का प्रचार प्रसार के लिए प्रवासी बहनें सभी विधानसभा क्षेत्रों में भेजी गई है। प्रवासी बहनें दूसरे प्रदेशों की भाजपा की महिला कार्यकर्ता हैं, जो चुनाव तक इन विधानसभा क्षेत्रों में रहकर केवल महिलाओं के बीच पार्टी के लिए काम करेंगी। बीते दिनों लखनऊ में सम्मेलन कर इन महिलाओं को जिम्मेदारी और प्रशिक्षण देकर विधानसभा क्षेत्रों में भेजा गया है। पार्टी को फीडबैक मिला कि जब महिलाएं जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में पहुंची हैं तो वहां स्थानीय संगठन और विधायक की ओर से उनके आवास, वाहन, भोजन सहित अन्य मूलभूत आवश्यकताओं की व्यवस्था नहीं की है। जो व्यवस्था की है वह नाकाफी है। बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने इससे नाराजगी जाहिर की।सह प्रभारी डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कहा कि जब महिलाओं को बुलाया है तो उनकी व्यवस्था ठीक होनी चाहिए, व्यवस्था ठीक नहीं होने से गलत संदेश जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User