भाजपा नेता धीरेंद्र हत्याकांड में CBI जांच की मांग:लखनऊ में सीएम आवास पहुंचे परिजन, भाई बोले- नाम बताने पर जान का खतरा
लखनऊ में भाजपा नेता धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या के मामले में परिवार सीबीआई जांच की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचा। उनके भाई धर्मेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि मामले में प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है। परिवार का दावा है कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और मुख्यमंत्री से मिलने भी नहीं दिया जा रहा है। धीरेंद्र प्रताप सिंह की कुछ महीने पहले दुबग्गा क्षेत्र में हत्या हुई थी। मामले में उनके ड्राइवर, पत्नी समेत अन्य लोगों की गिरफ्तारी हुई थी। अब परिवार पूरे हत्याकांड की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराने की मांग कर रहा है। 'नाम बताने पर हमें सुबह का सूरज नहीं देखने देंगे' सीएम आवास के बाहर धर्मेंद्र सिंह ने कहा, "हमारी मांग है कि केस की जांच सीबीआई से कराई जाए। हमारे भैया के हत्याकांड में राज्य मंत्री के लड़के और एक विधायक का नाम सामने आया था। ड्राइवर प्लासियो चौकी में इसके बारे में बता रहा था। अगर नाम बता दिया, तो उत्तर प्रदेश सरकार हमें कल सुबह का सूरज नहीं देखने देगी।" उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार की कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। कहा, "हमारा यही गुनाह है कि हम क्षत्रिय हैं। हमारा कोई नेता नहीं है, जो हमें न्याय दिला सके। 3 महीने तक दौड़ने का दावा, पैदल मार्च भी किया धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि परिवार पिछले तीन महीने से न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहा है। गांव के हजारों लोगों ने सीबीआई जांच की मांग को लेकर पैदल मार्च भी किया, लेकिन आरोप है कि शासन-प्रशासन ने मार्च को जबरन रोक दिया और उनसे जांच की मांग का पत्र ले लिया। उन्होंने बताया कि कमिश्नर, कई विधायकों और मंत्रियों से भी मुलाकात की। आरोप लगाया कि सभी ने कहा कि मामले में कुछ नहीं हो सकता और हत्याकांड कराने वाले लोग मुख्यमंत्री से भी ऊपर हैं। पुलिस पर धमकाने का आरोप परिवार ने पुलिस पर भी डराने-धमकाने का आरोप लगाया। धर्मेंद्र सिंह के मुताबिक, पुलिस उनके घर और चौकी पर पहुंची और चेतावनी दी कि अगर न्याय मांगने या मुख्यमंत्री कार्यालय जाने की कोशिश की तो राजपुर गांव के सट्टा केस में जेल भेज दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनके भाई की हत्या कर दी गई, जबकि उनके पास दो-दो गनर थे और सात साल से सरकारी सुरक्षा मिली हुई थी। इसके बावजूद परिवार को न्याय नहीं मिल रहा है। धर्मेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री से मामले की सीबीआई जांच कराने और परिवार को सुरक्षा देने की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)