बैंक सर्वर खराब होने का झांसा देकर 5.50-लाख का फ्रॉड:बेंगलौर कोर्ट से नोटिस आने पर हुई जानकारी, नौबस्ता में FIR
नौबस्ता में बैंक खाते का सर्वर खराब होने का झांसा देकर रिश्ते के भतीजे ने दोस्तों के साथ मिलकर एक युवती के खाते में साइबर ठगी की करीब 5.50 लाख रुपये की रकम मंगवाई और चेक व एटीएम से निकाल ली। बाद में खाता होल्ड होने और बेंगलौर कोर्ट से नोटिस मिलने पर युवती को खाते का साइबर ठगी में इस्तेमाल होने की जानकारी हुई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 13 से 26 अगस्त के बीच जमा कराए 5.50 लाख मछरिया बूढ़पुर निवासी इमाम अली की बेटी सहाना ने रिश्ते के भतीजे आसिफ शाह, उसके पिता अय्यूब शाह और दोस्तों सत्यम व सूरज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। सहाना के अनुसार पिछले साल आसिफ ने अपने बैंक खाते का सर्वर न चलने की बात कहकर काम के रुपये उनके खाते में मंगवाने को कहा था। मोहल्ले में रहने और रिश्तेदारी के चलते उन्होंने भरोसा कर हामी भर दी। आरोप है कि 13 से 26 अगस्त के बीच उनके केनरा बैंक खाते में करीब 5.50 लाख रुपये जमा कराए गए। पहली बार 2.37 लाख रुपये जमा होने के बाद आसिफ और उसके दोस्त उन्हें बैंक ले गए और चेक से 2.25 लाख रुपये निकलवा लिए। इसके बाद बाकी रकम भी खाते में मंगवाकर एटीएम से निकालते रहे। इसी बीच 26 अगस्त को बैंक ने उनका खाता होल्ड कर दिया। तभी सहाना ने आरोपियों से शिकायत की तो उन्होंने जल्द ही खाता चालू करवाने का आश्वासन दिया, लेकिन फिर भी खाता होल्ड ही रहा। इसके बाद इसी साल अप्रैल में बैंगलौर कोर्ट से नोटिस मिलने पर उन्हें पूरे मामले की जानकारी हुई, तो होश उड़ गए। गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी इसके बाद उन्होंने आरोपियों से संपर्क कर शिकायत की। तभी आरोपी उनसे गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे और खाता चालू कराने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)