बांदा मेडिकल कॉलेज ने 4 गार्डों को ड्यूटी से हटाया:मृत नवजात का शव मोर्चरी में रखा जाएगा; परिजनों से ली जाएगी लिखित सहमति

Nov 05, 2026 - 09:22
0
बांदा मेडिकल कॉलेज ने 4 गार्डों को ड्यूटी से हटाया:मृत नवजात का शव मोर्चरी में रखा जाएगा; परिजनों से ली जाएगी लिखित सहमति
बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में नवजात का शव कुत्तों के उठा ले जाने की घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव किया है। अब मृत अवस्था में जन्म लेने वाले नवजात का शव मोर्चरी में रखा जाएगा। यदि परिजन शव मोर्चरी में रखने से मना करते हैं तो उनसे लिखित सहमति ली जाएगी। घटना के समय ड्यूटी पर तैनात चार गार्डों को तत्काल हटा दिया गया है। कॉलेज प्रशासन ने परिसर में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए नगर पालिका को पत्र भेजा है। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई और संबंधित कर्मचारियों से जवाब मांगा गया। प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटना रोकने के लिए नए निर्देश भी जारी किए हैं। सुरक्षा सुपरवाइजर समेत कर्मचारियों पर कार्रवाई सुरक्षा सुपरवाइजर श्रीराम कुशवाहा और गार्ड शील कुमार, संजय गुप्ता, रंजीत और शक्ति चरण की सेवा समाप्त करने के लिए उत्तर प्रदेश सैनिक कल्याण निगम, झांसी को पत्र भेजा गया था। इनमें से चार गार्डों को तत्काल ड्यूटी से हटा दिया गया है। हालांकि, उनकी सेवा समाप्त करने का आदेश अभी मेडिकल कॉलेज प्रशासन को नहीं मिला है। एंबुलेंस में हुआ था नवजात का जन्म गिरवां थाना क्षेत्र के बड़ोखर खुर्द निवासी गनेश की पत्नी गुड़िया को रविवार रात करीब 11:30 बजे प्रसव पीड़ा होने पर 102 एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज लाया गया था। इसी दौरान एंबुलेंस में बच्चे का जन्म हुआ। नवजात मृत अवस्था में था, जबकि गुड़िया को स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में भर्ती कराया गया। हॉल में सो गईं परिजन, कुत्ते उठा ले गए शव रात करीब 12:30 बजे ड्यूटी पर तैनात डॉ. सुशील ने नवजात का शव परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद परिजन शव लेकर ओटी ब्लॉक के हॉल में पहुंचे। वहां गनेश की भाभी ऊषा शव लेकर फर्श पर लेट गईं और उन्हें नींद आ गई। आरोप है कि इसी दौरान रात में कुत्ते नवजात का शव उठा ले गए। बाद में शव के अवशेष कॉरिडोर में मिले। घटना के बाद परिजनों ने मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। इसके बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव और कर्मचारियों पर कार्रवाई की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User