बच्ची की हत्या का इनामी आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार:बुलंदशहर में दोनों पैरों में लगी गोली, दो उपनिरीक्षक घायल
बुलंदशहर के सिकंदराबाद में मासूम बच्ची की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। रविवार देर रात पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी फायरिंग में उसके दोनों पैरों के घुटनों में गोली लग गई। वहीं, आरोपी की गोली से दो उपनिरीक्षक भी घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी मामला सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र का है। यहां 7 नवंबर को एक मासूम बच्ची की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी रवि कुमार पुत्र राजू निवासी गांव कुंवरपुरा, तिरैयन, थाना सौरिख, जिला कन्नौज फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसएसपी बुलंदशहर ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस के मुताबिक, 15 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कंवारा रोड के पास मौजूद है। इस पर सिकंदराबाद पुलिस और स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग पुलिस आरोपी को पूछताछ और बरामदगी के लिए सलेमपुर रोड स्थित एक खाली प्लॉट पर लेकर पहुंची थी। आरोपी ने बताया था कि उसने घटना से जुड़ी कुछ सामग्री वहां छिपा रखी है। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी ने पहले से छिपाकर रखे अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और अभिरक्षा से भागने की कोशिश की। अचानक हुई फायरिंग में उपनिरीक्षक अजीत कुमार घायल हो गए, जबकि दूसरे उपनिरीक्षक अरुण के कान के पास से गोली निकल गई। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें आरोपी रवि कुमार के दोनों पैरों के घुटनों में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। तमंचा, कारतूस और अन्य सामग्री बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से डबल बैरल .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और घटना से संबंधित अन्य सामग्री बरामद की है। क्षेत्राधिकारी नगर प्रखर पांडेय ने बताया कि बच्ची की हत्या के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य आरोपी को पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)