जनता के लिए खुली नहीं 47.83 करोड़ की मल्टीलेवल पर्किंग:पहले ही होने लगा कब्जा, रात के अंधेरे में हो रहा अवैध निर्माण

Nov 16, 2026 - 07:35
0
जनता के लिए खुली नहीं 47.83 करोड़ की मल्टीलेवल पर्किंग:पहले ही होने लगा कब्जा, रात के अंधेरे में हो रहा अवैध निर्माण
कानपुर में पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए 47.83 करोड़ रुपए खर्च कर बनाई जा रही कचहरी की मल्टीलेवल पार्किंग अभी जनता के इस्तेमाल के लिए शुरू भी नहीं हुई है और परिसर पर कब्जे की कोशिशें शुरू हो गई हैं। मल्टीलेवल कार पार्किंग परिसर में कुछ अनाधिकृत लोग अस्थायी निर्माण कर कब्जा करने में जुटे हैं। इसका खुलासा खुद निर्माण कार्यदायी संस्था जल निगम (नगरीय) की सीएंडडीएस ने किया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएंडडीएस के परियोजना प्रबंधक ने कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। रात में चोरी-छिपे हो रहा अस्थायी निर्माण सीएंडडीएस के परियोजना प्रबंधक एसके वर्मा ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को भेजे पत्र में बताया है कि कुछ अनाधिकृत व्यक्ति रात को पार्किंग परिसर में अस्थायी निर्माण कर रहे हैं। इसके जरिए परिसर पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इस पर तत्काल रोक लगाकर निर्माण रुकवाने और परिसर को कब्जामुक्त रखने की मांग की है। पत्र में यह भी बताया गया है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में पार्किंग का संचालन प्रभावित हो सकता है। अवैध निर्माण के कारण वाहनों के आने-जाने के रास्ते बाधित हो सकते हैं। इससे प्रवेश और निकासी के साथ पार्किंग के प्रबंधन में भी परेशानी आएगी। 334 कार और 100 बाइक खड़ी हो सकेंगी कचहरी परिसर में 47.83 करोड़ रुपए की लागत से मल्टीलेवल पार्किंग बनाई गई है। इसमें एक साथ 334 कार और 100 बाइक खड़ी करने की व्यवस्था है। यानी कुल 434 वाहनों की पार्किंग क्षमता है। पार्किंग के भूतल पर 11 दुकानें बनाई गई हैं। वाहनों की आवाजाही के लिए प्रवेश और निकासी के अलग-अलग दो गेट तैयार किए गए हैं। परिसर के चारों ओर सीसी रोड भी बनाई गई है। इसके अलावा पार्किंग की छत पर कैफेटेरिया की व्यवस्था की गई है। पिछले दिनों नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने पार्किंग का निरीक्षण कर बचे हुए कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए थे। पार्किंग के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया के जरिए कंपनी का चयन किया जाना है। नगर आयुक्त ने शॉर्ट टर्म टेंडर जारी कर प्रक्रिया तेजी से पूरी कराने को कहा है। सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल भी अधूरी पार्किंग परिसर की सुरक्षा भी अभी पूरी नहीं है। पीछे की तीनों ओर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाना है, लेकिन इसका काम अभी शुरू भी नहीं हुआ है। स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी आरके तिवारी ने बताया कि बाउंड्रीवाल निर्माण की पत्रावली तैयार कर ली गई है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। नगर आयुक्त ने भी इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि पार्किंग का थर्ड पार्टी निरीक्षण कराया जा चुका है। कचहरी के आसपास सड़कों पर मिलेगी राहत कचहरी की मल्टीलेवल पार्किंग शुरू होने से आसपास की सड़कों पर खड़े होने वाले वाहनों से राहत मिलने की उम्मीद है। अभी कचहरी आने वाले लोग वीआईपी रोड समेत आसपास की सड़कों पर वाहन खड़े करते हैं। इससे कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। हालांकि, परेड और फूलबाग में बनी मल्टीलेवल पार्किंग का इस्तेमाल स्थानीय कारोबारी और ग्राहक अपेक्षा के मुताबिक नहीं करते हैं। लोग पार्किंग की जगह सड़क किनारे ही वाहन खड़े कर देते हैं। ऐसे में कचहरी की पार्किंग शुरू होने के बाद लोगों को इसका इस्तेमाल करने के लिए तैयार करना भी प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User