युवक बोले- पुलिस ने हिरासत में लेकर बेरहमी से पीटा:छोड़ने के बदले 50 हजार मांगे, हरदोई में SO ने कहा- आरोप निराधार हैं
हरदोई के सुरसा थाना क्षेत्र के केरमेर गांव में दो युवकों ने पचकोहरा पुलिस चौकी के एक दरोगा समेत चार पुलिसकर्मियों पर हिरासत में लेकर बेरहमी से पीटने का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि पुलिस ने चोरी के शक में उन्हें चौकी ले जाकर डंडों से पीटा। वहीं, रिहाई के बदले 50 हजार रुपए मांगने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष ने सोमवार शाम करीब 5 बजे राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, DGP और SP को शिकायत भेजकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। टेंट का सामान लौटाकर घर जा रहा था सचिन मामला केरमेर गांव का है। गांव निवासी सर्वेश कुमार का 20 वर्षीय बेटा सचिन लुधियाना की एक फैक्ट्री में काम करता है। वह दीपावली से पहले 1 नवंबर को घर आया था। 14 नवंबर को गांव में परिवार में मुंडन कार्यक्रम था। इसके बाद शाम करीब 4 बजे सचिन अपने चचेरे भाई रक्षपाल के साथ टेंट का सामान लौटाने गया था। सामान वापस करने के बाद सचिन बाइक से अकेले घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में पचकोहरा चौकी के पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। पहले थप्पड़ मारे और फिर जबरन चौकी ले गए। सचिन के दोस्त और पीड़ित अमित का आरोप है कि उसी रात करीब 10 बजे पुलिस उसे भी उठाकर चौकी ले गई। दोनों युवकों का कहना है कि हिरासत में पुलिसकर्मियों ने डंडों से जमकर पिटाई की। इससे उनकी पीठ, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। सचिन के पिता सर्वेश ने आरोप लगाया कि पुलिस ने दोनों को छोड़ने के बदले 50 हजार रुपये मांगे थे। बाद में प्रधान के हस्तक्षेप से मामला संभला। 15 नवंबर की शाम चालान करने के बाद दोनों युवकों को छोड़ दिया गया। थानाध्यक्ष बोले- मारपीट के विवाद में लाए गए थे सुरसा थानाध्यक्ष विश्वास शर्मा ने पुलिस पर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि क्षेत्र में हाल में हुई चोरियों के सिलसिले में संदिग्धों से पूछताछ की जा रही थी। दोनों युवकों को बाजार में आपसी मारपीट के विवाद के कारण चौकी लाया गया था। नियमानुसार चालान की कार्रवाई के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)