बेदी राम ने ओमप्रकाश राजभर के बयान का बचाव किया:गाजीपुर में बोले- बुंदेलखंड और बांदा के लोगों का मनोबल बढ़ाने के लिए कहा था
गाजीपुर में सुभासपा विधायक बेदी राम ने कैबिनेट मंत्री और पार्टी अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर के ‘देश का सबसे बड़ा गुंडा’ वाले बयान का बचाव किया। उन्होंने कहा कि राजभर ने बुंदेलखंड और बांदा के लोगों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें जागरूक करने के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया।
जखनियां विधानसभा सीट से विधायक बेदी राम ने बुधवार रात करीब 8:30 बजे गाजीपुर में एक कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि अलग-अलग इलाकों में शब्दों के भाव और अर्थ अलग होते हैं।
बेदी राम के मुताबिक, बुंदेलखंड और बांदा में पहले माफियाओं का असर था और उनके आतंक से लोग दबे हुए थे। उन्होंने कहा कि आज भी कुछ जगहों पर माफियाओं का असर है। वहां के लोग शिक्षा और अपने अधिकारों के प्रति उतने जागरूक नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में वहां माफियाओं का आतंक था। लोगों को उस स्थिति से बाहर निकालने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए राजभर ने ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति और राजभर के बयान को लेकर सवाल पूछे जाने पर बेदी राम ने कहा कि बयान उस इलाके के संदर्भ में दिया गया था, जहां पहले माफियाओं का असर रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को जगाने और उनका मनोबल बढ़ाने के लिए उस परिस्थिति में ऐसे शब्दों का इस्तेमाल जरूरी था।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)