आगरा कोर्ट में धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ वाद दर्ज:श्रीकृष्ण पर टिप्पणी से आहत अधिवक्ता ने कराया दायर, 14 दिसंबर को सुनवाई
प्रभु श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए बयान के मामले में कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस दायर किया गया है। अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह ने आगरा सिविल कोर्ट में परिवाद दाखिल कर आरोप लगाया है कि धीरेंद्र शास्त्री की टिप्पणी से भगवान श्रीकृष्ण के वंशजों की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है। अदालत ने केस रजिस्टर करते हुए सुनवाई की अगली तारीख 14 दिसंबर तय की है। अधिवक्ता अजय प्रताप सिंह के अनुसार, हाल ही में कथावाचन के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था कि 'जो श्रीकृष्ण वाले हैं, उन्हें आज बुरा लगेगा। श्रीकृष्ण बहुत ही टेढ़े हैं, वह खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े हैं।' अजय प्रताप सिंह का कहना है कि द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण का जन्म मानव रूप में हुआ था और उनके वंशज आज भी भारत में रहते हैं। इनमें जादौन, जडेजा और भाटी क्षत्रिय वंश शामिल हैं। इनका उल्लेख मथुरा गजेटियर और अलेक्जेंडर कनिंघम की पुस्तक रिपोर्ट ऑन ईस्टर्न राजपूताना 1882-83 में भी है। अधिवक्ता ने बताया कि वह माता पक्ष से भगवान श्रीकृष्ण के वंशज हैं। उनके अनुसार, धीरेंद्र शास्त्री का बयान श्रीकृष्ण के वंशजों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला है। इसी आधार पर उन्होंने आपराधिक मानहानि का केस दायर किया है। मामले की सुनवाई सिविल जज जूनियर डिवीजन-5 की अदालत में न्यायाधीश कंचन कुमारी के समक्ष हुई। अदालत ने केस रजिस्टर करते हुए अगली सुनवाई 14 दिसंबर को निर्धारित की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)