भाजपा नेता के भतीजे की पिटाई में तीन पुलिसकर्मी निलंबित:देवरिया में दरोगा के सामने हुई थी घटना, SP ने की कार्रवाई
देवरिया के भटनी थाने में भाजपा नेता के भतीजे की पिटाई के मामले में दरोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। सीओ मनोज कुमार की जांच रिपोर्ट के आधार पर SP अभिजीत आर. शंकर ने बुधवार को यह कार्रवाई की। पीड़ित पक्ष ने आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ मारपीट और दुर्व्यवहार का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। ट्रैक्टर लेकर जाते समय हुआ था विवाद जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम शिवबनकटा गांव में ट्रैक्टर लेकर जा रहे पिपरा देवराज के रहने वाले शिवम तिवारी का बाइक सवार तीन युवकों से विवाद हो गया था। मौके पर पहुंचे दो कांस्टेबलों ने शिवम से नाम-पता पूछा तो इसको लेकर उनकी भी कहासुनी हो गई। इसके बाद शिवम को भटनी थाने लाया गया। वहां इंस्पेक्टर पंकज गुप्त ने दोनों पक्षों को समझाया। इसके बाद शिवम पुलिसकर्मियों से माफी मांगने के लिए बाहर निकला। आरोप है कि इसी दौरान दरोगा संतोष यादव और कांस्टेबल चंद्रिका सरोज व आशीष यादव ने उसकी पिटाई कर दी। इससे शिवम के हाथ में चोट आई। भाजपा नेता और विधायक पहुंचे थाने घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता विशंभर तिवारी अपने भाई त्रिलोकी नाथ तिवारी और भतीजे शिवम के साथ मंगलवार को थाने पहुंचे। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र चौरसिया को भी मामले की जानकारी दी। इसके बाद विधायक समेत कई भाजपा कार्यकर्ता थाने पहुंचे और पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। सूचना मिलने पर सीओ मनोज कुमार भी थाने पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। जांच रिपोर्ट के आधार पर तीनों निलंबित सीओ मनोज कुमार ने बताया कि मामले की जांच रिपोर्ट SP को सौंप दी गई थी। रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर दरोगा संतोष यादव और कांस्टेबल चंद्रिका सरोज व आशीष यादव को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, पीड़ित पक्ष ने तीनों के खिलाफ मारपीट और दुर्व्यवहार का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)