भारत के 'AI किड' की पुतिन के साथ सेल्फी वायरल:17 साल में शुरू किया स्टार्टअप, पिता को देते हैं ₹2 लाख सैलरी

Nov 27, 2026 - 14:07
0
भारत के 'AI किड' की पुतिन के साथ सेल्फी वायरल:17 साल में शुरू किया स्टार्टअप, पिता को देते हैं ₹2 लाख सैलरी
भारत के 'AI किड' के नाम से मशहूर केरल के 17 साल के राउल जॉन अजू की रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ सेल्फी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। अजू ने 17 साल की उम्र में अपना स्टार्टअप शुरू किया है। खास बात यह है कि वह अपने पिता को भी कंपनी में काम करने के लिए हर महीने 2 लाख रुपए सैलरी देते हैं। पुतिन के AI पर सवाल का जवाब दिया अजू गुरुवार को रूस की राजधानी मॉस्को में हुए एक अंतरराष्ट्रीय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सम्मेलन में शामिल हुए थे। यहां उनकी मुलाकात राष्ट्रपति पुतिन से हुई। बातचीत के दौरान पुतिन ने उनसे पूछा, क्या पढ़ाई में AI का ज्यादा इस्तेमाल बच्चों की सोचने-समझने की क्षमता के लिए खतरा बन सकता है? इस पर अजू ने कहा कि AI का इस्तेमाल इंसानों की सोच की जगह लेने के लिए नहीं, बल्कि उनके साथ मिलकर काम करने के लिए होना चाहिए। 'गेम खेलकर सीखा AI का इस्तेमाल' अजू ने बताया कि AI की मदद से बच्चों को उनकी पसंद के तरीके से पढ़ाया जा सकता है। उन्होंने गणित का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस बच्चे को गणित पसंद है, वह तस्वीरों, वीडियो और गेम के जरिए इसे सीख सकता है। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद भी गेम खेलकर AI सीखा है। अजू ने अपनी गणित की परीक्षा का एक किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया, परीक्षा से एक दिन पहले मैं गेम खेल रहा था। यह देखकर मेरे पिता ने पूछा कि अगले दिन परीक्षा है, फिर भी गेम क्यों खेल रहे हो? इस पर मैंने कहा कि मैं पढ़ाई कर रहा हूं। अजू ने कहा कि गेम के जरिए पढ़ाई करने से उन्हें अपनी पसंद के तरीके से सीखने का मौका मिला। उन्होंने सवाल उठाया कि एक क्लास में 40 बच्चे हों तो एक टीचर हर बच्चे को उसकी पसंद के हिसाब से कैसे पढ़ा सकता है? मेरा मानना है कि AI इस काम में मदद कर सकता है। पुतिन बोले- सिर्फ याद करना काफी नहीं अजू की बात सुनकर पुतिन ने कहा कि बच्चों को सिर्फ जानकारी याद करना नहीं, बल्कि सोचना भी सिखाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को चीजें याद करना, नई बातें सीखना और उनके बारे में खुद सोचकर सही नतीजे तक पहुंचना भी आना चाहिए। पुतिन ने AI को लेकर एक और चिंता जताई। उन्होंने कहा कि आज लोग AI को अपने सहायक की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसे में खतरा है कि वे खुद सोचना और किसी बात पर अपनी राय बनाना बंद कर दें। इस पर अजू ने कहा कि AI इंसानों की जगह लेने वाला नहीं, बल्कि उनके साथ मिलकर काम करने वाला टूल होना चाहिए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User