व्यापारियों के वादे पूरे होने पर ही भरोसा बनेगा:अनूप शुक्ला बोले- 20 दिसंबर को लखनऊ में रैली, 25 हजार व्यापारियों के पहुंचने की उम्मीद
गाजीपुर में प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने कहा कि व्यापारियों का भरोसा तभी बनेगा, जब राजनीतिक दल उनसे किए गए वादे पूरे करेंगे। उन्होंने यह बात सपा प्रमुख अखिलेश यादव के घोषणा पत्र में व्यापारियों को सुरक्षा देने के वादे पर कही। शुक्ला ने कहा कि व्यापारियों के हित में किया गया वादा पूरा हो तो इससे अच्छी बात और क्या होगी। व्यापारी अब केवल आश्वासनों से संतुष्ट नहीं होंगे। वे अपने अधिकारों और हितों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाएंगे। अनूप शुक्ला शनिवार दोपहर करीब दो बजे गाजीपुर पहुंचे। प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल 20 दिसंबर को लखनऊ के रामलीला मैदान में होने वाली व्यापारी अधिकार रैली की तैयारी कर रहा है। व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संगठन पूर्वांचल के अलग-अलग जिलों का दौरा कर रहा है। गाजीपुर में शुक्ला ने जिले के नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई और उनका स्वागत किया। उन्होंने बताया कि रैली में करीब 25 हजार व्यापारियों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रदेश की हर विधानसभा से व्यापारियों को रैली में शामिल होने का न्योता दिया जा रहा है। शुक्ला ने कहा कि व्यापारी अब अपने हक की लड़ाई घर बैठकर नहीं, बल्कि सड़क पर उतरकर लड़ेंगे। 150 सीटों पर 1,500 से 2,000 वोटों के अंतर का दावा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर शुक्ला ने कहा कि प्रदेश की करीब 150 सीटों पर जीत-हार का अंतर 1,500 से 2,000 वोटों के बीच रह सकता है। व्यापार मंडल ऐसी सीटों को चिह्नित करेगा। उन्होंने कहा कि जिस राजनीतिक दल को समर्थन देने का फैसला होगा, उसे इन सीटों पर जिताने के लिए व्यापारी एकजुट होकर काम करेंगे। शुक्ला के मुताबिक, अभी कोई भी राजनीतिक दल चुनाव को लेकर निश्चिंत नहीं है और सभी दल सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं। विधानसभा में व्यापारियों को टिकट देने की मांग व्यापारियों पर टैक्स के बोझ और उनकी राजनीतिक भागीदारी के सवाल पर शुक्ला ने कहा कि राजनीतिक दलों को यह भी बताना चाहिए कि विधानसभा चुनाव में व्यापारियों को कितने टिकट दिए जाएंगे और कितने व्यापारी विधायक बनकर विधानसभा पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि जिस समाज का विधानसभा में जितना प्रतिनिधित्व होगा, उसकी समस्याओं और हितों की आवाज भी उतनी ही प्रभावी होगी। व्यापारियों को भी विधानसभा में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। उन्होंने राजनीतिक दलों से व्यापारियों को चुनाव में टिकट देने और उनके लिए विधानसभा में भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की। ऑनलाइन कारोबार से 50 लाख दुकानें बंद होने का दावा ऑनलाइन शॉपिंग और बड़ी कंपनियों के बढ़ते प्रभाव से छोटे दुकानदारों पर पड़ रहे असर को लेकर शुक्ला ने कहा कि ऑनलाइन कारोबार की वजह से करीब 50 लाख दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर चुके हैं। सरकार को ऐसे व्यापारियों के लिए विशेष बूस्टर पैकेज जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिन कारोबारों पर 18 प्रतिशत टैक्स लगता है, वहां राहत देकर इसे 12 से 13 प्रतिशत करने की व्यवस्था हो। इसके अलावा बिजली और अन्य व्यावसायिक खर्चों में भी व्यापारियों को राहत दी जाए। शुक्ला ने कहा कि सरकार ऐसा पैकेज देती है तो ऑनलाइन शॉपिंग भी चलती रहेगी और स्थानीय दुकानदारों का कारोबार भी बच सकेगा। यदि दुकानें इसी तरह बंद होती रहीं तो बेरोजगारी बढ़ेगी और आगे चलकर कानून-व्यवस्था की चुनौती भी खड़ी हो सकती है। सरकार को ऑनलाइन कारोबार से प्रभावित व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए ठोस राहत पैकेज देना चाहिए। सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने की मांग अनूप शुक्ला ने कहा कि व्यापारियों की लंबे समय से सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने की मांग है। सरकार को इसे पूरा करना चाहिए, ताकि व्यापारियों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि 20 दिसंबर को लखनऊ के रामलीला मैदान में होने वाली व्यापारी अधिकार रैली के माध्यम से व्यापारियों की एकजुटता और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने जिले के व्यापारियों से भी बड़ी संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)