यूपी परिसीमन 2026: 120 लोकसभा और 605 विधानसभा सीटें होने का अनुमान
उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित परिसीमन के बाद लोकसभा सीटें 80 से बढ़कर 120 और विधानसभा सीटें 403 से बढ़कर 605 होने का अनुमान है। जानिए राजनीतिक समीकरणों पर इसका असर।
दि राइजिंग न्यूज़ | लखनऊ | 28 नवंबर 2026
उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित परिसीमन के बाद प्रदेश की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। केंद्रीय मंत्रिमंडल से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को मंजूरी मिलने के बाद लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय होने का रास्ता साफ हुआ है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटों की संख्या 80 से बढ़कर 120 और विधानसभा सीटों की संख्या 403 से बढ़कर करीब 604 से 605 तक पहुंचने का अनुमान है। इससे प्रदेश का राजनीतिक और चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल सकता है।
नई निर्वाचन क्षेत्रों के गठन के दौरान मौजूदा सीटों का पुनर्गठन किया जाएगा। गांव, कस्बों और आबादी को दूसरी सीटों में शामिल किए जाने से जातीय और धार्मिक समीकरण भी प्रभावित होंगे। इसका असर राजनीतिक दलों की चुनावी रणनीति और उम्मीदवारों के चयन पर पड़ सकता है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से 17 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। सीटों की संख्या 120 होने पर यह आंकड़ा बढ़कर करीब 25 हो सकता है। वहीं, विधानसभा में अनुसूचित जाति के लिए 84 और अनुसूचित जनजाति के लिए दो सीटें आरक्षित हैं।
परिसीमन के बाद उत्तर प्रदेश के छोटे राज्यों में विभाजन की मांग भी दोबारा जोर पकड़ सकती है। वरिष्ठ पत्रकार योगेश मिश्रा के मुताबिक, प्रदेश का राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र और बड़ा होने से छोटे राज्य बनाने की मांग को नई ताकत मिल सकती है। हालांकि, नए राज्यों के गठन में आर्थिक आत्मनिर्भरता सबसे बड़ी चुनौती होगी। उत्तराखंड, झारखंड और छत्तीसगढ़ के गठन के बाद भी प्रशासनिक ढांचे को विकसित करने में काफी समय लगा था। बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाने की मांग के सामने भी कई चुनौतियां हैं, क्योंकि इसमें उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश दोनों के जिलों का सवाल जुड़ा हुआ है।
उत्तर प्रदेश का चुनावी नक्शा पहले भी कई बार बदल चुका है। 1951 के पहले आम चुनाव में प्रदेश से 86 सांसद चुने गए थे। उस समय 69 लोकसभा क्षेत्र थे, जिनमें 17 क्षेत्रों से दो-दो सांसद चुने जाते थे। 1967 में परिसीमन के बाद लोकसभा सीटों की संख्या 85 रह गई। उत्तराखंड के अलग राज्य बनने के बाद उत्तर प्रदेश में लोकसभा सीटें घटकर 80 हो गईं। इसी तरह विधानसभा की सीटें पहले 430 थीं, जो 1967 के परिसीमन के बाद 425 रह गईं। उत्तराखंड गठन के बाद इनकी संख्या 403 हो गई। अब प्रस्तावित परिसीमन के बाद प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या में बड़ी बढ़ोतरी का अनुमान है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)