भटके दो मासूम बच्चों को पुलिस ने सुरक्षित बचाया:सोनभद्र में बाल कल्याण समिति ने दोनों को शिशु गृह में भेजा
सोनभद्र में रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिंदुआरी चौकी इलाके में शनिवार रात घर से भटककर निकले दो मासूम बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बचा लिया। दोनों बच्चे रात के अंधेरे में अकेले घूम रहे थे। टीम ने उन्हें संरक्षण में लेकर थाने पहुंचाया। कम उम्र होने के कारण बच्चे अपने घर और माता-पिता के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर की रात करीब 8 बजे स्थानीय लोगों ने दो छोटे बच्चों को घर से भटककर अकेले घूमते देखा। बच्चों को असुरक्षित स्थिति में देखकर लोगों ने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह को सूचना दी। सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम सक्रिय हो गई। परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, काउंसलर अमन सोनकर और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों बच्चों को अपने संरक्षण में लिया और सुरक्षित थाने पहुंचाया। रेस्क्यू किए गए बच्चों में करीब पांच साल का एक बालक और तीन साल की एक बालिका शामिल है। कम उम्र होने के कारण दोनों अपने घर का पता और परिजनों के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। पुलिस ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सामने पेश किया। समिति के आदेश पर दोनों को सुरक्षित देखभाल के लिए शिशु गृह में रखा गया है। परिजनों की तलाश में जुटी टीम चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को दोनों बच्चों के परिजनों या उनके घर के बारे में जानकारी मिले तो मोबाइल नंबर 9450717818 या टोल फ्री नंबर 1098 पर सूचना दें। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे को अकेला, रोता हुआ, लावारिस या असुरक्षित स्थिति में देखने पर तत्काल हेल्पलाइन को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)