रूपवास गांव में 24 घंटे में तीन लोगों की मौत:ब्रेन हेमरेज और हार्ट अटैक से गई जान, एक अन्य व्यक्ति अस्पताल में भर्ती
ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र के रूपवास गांव में महज 24 घंटे के भीतर तीन लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीनों की मौत ब्रेन हेमरेज और हार्ट अटैक के कारण हुई है। वहीं, इसी दौरान गांव के एक अन्य व्यक्ति को भी दिल का दौरा पड़ गया, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत को लेकर परिजन और ग्रामीण चिंतित हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार रात से रविवार रात के बीच गांव में तीन लोगों की मौत हुई। मृतकों की पहचान जिगराम, सुंदर कालसन और डॉक्टर असकरण चौधरी के रूप में हुई है। एक के बाद एक हुई इन मौतों से गांव में मातम छा गया। सोमवार सुबह तक तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया ।
बताया जा रहा है कि तीनों मृतकों की उम्र करीब 55 से 70 वर्ष के बीच थी। अचानक हुई इन मौतों से ग्रामीण सकते में हैं। गांव में हर तरफ शोक का माहौल है। जिन परिवारों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके घरों में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इतने कम समय में एक ही गांव के तीन लोगों की मौत होना बेहद दुखद है।
वहीं, एक अन्य व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ने की घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। 24 घंटे के भीतर तीन मौतों और एक अन्य व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने से रूपवास गांव में शोक के साथ स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता का माहौल बना हुआ है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)