बिजली संविदा कर्मचारियों ने एक्सईएन को घेरा:दो महीने का वेतन बकाया होने का आरोप, अधिकारी से माफी की मांग
मैनपुरी में बिजली विभाग के संविदा कर्मचारी का वेतन नहीं मिलने और वेतन बनवाने के नाम पर सुविधा शुल्क मांगने के आरोप को लेकर विवाद हो गया। मंगलवार को संविदा कर्मचारी यूनियन के संरक्षक सुबोध कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने एक्सईएन कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। वहीं रात करीब आठ बजे एक्सईएन हंसराज कुमार कौशल के कार्यालय से बाहर निकलते ही कर्मचारियों ने उन्हें घेर लिया। प्रदर्शनकारियों ने बकाया वेतन जारी कराने और कथित अभद्रता के लिए अधिकारी से माफी मांगने की मांग की। दो महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप संविदा कर्मचारी यूनियन के संरक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि करीब दो-तीन महीने पहले एसई के आदेश पर अनुपम कुमार को दिहुली बिजलीघर में लाइनमैन के पद पर तैनात किया गया था। एसडीओ के आदेश पर अनुपम ने ड्यूटी शुरू कर दी थी। सुबोध के मुताबिक, बिजलीघर के रजिस्टर में उसकी हाजिरी भी लग रही थी, लेकिन दो महीने से वेतन नहीं मिला। वेतन के संबंध में एसडीओ से संपर्क करने पर अनुपम को एक्सईएन से मिलने के लिए कहा गया। 20 हजार के वेतन के लिए 30 हजार मांगने का आरोप दिहुली बिजलीघर में तैनाती का दावा करने वाले अनुपम कुमार ने बताया कि उसे अनस्किल्ड कर्मचारी के रूप में काम करने का आदेश बनाकर भेजा गया था। वह बिजलीघर में ड्यूटी कर रहा था, लेकिन दो महीने से वेतन नहीं मिला। अनुपम के अनुसार, एसडीओ से वेतन के बारे में बात करने पर उसे एक्सईएन से लिखवाकर लाने के लिए कहा गया। इसके बाद वह एक्सईएन कार्यालय पहुंचा, जहां उसे सचिन नाम के कर्मचारी से मिलने के लिए कहा गया। अनुपम का आरोप है कि सचिन ने वेतन बनवाने के नाम पर 30 हजार रुपये मांगे। उसने बताया कि उसका मासिक वेतन 10 हजार रुपये है और दो महीने का बकाया करीब 20 हजार रुपये बनता है। इतनी रकम देने के लिए उसके पास पैसे नहीं हैं। अभद्रता कर कार्यालय से बाहर निकालने का आरोप सुबोध कुमार के मुताबिक, मंगलवार दोपहर वह दो अन्य लोगों के साथ एक्सईएन कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने दीपावली का त्योहार नजदीक होने का हवाला देते हुए अनुपम की हाजिरी दर्ज कराकर वेतन जारी करने की मांग की। आरोप है कि इस दौरान एक्सईएन ने उनके साथ अभद्रता की और उन्हें कार्यालय से बाहर निकलवा दिया। इसके बाद कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने अनुपम का बकाया वेतन दिलाने और कथित अभद्रता के लिए अधिकारी से माफी मांगने की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)