11.63 करोड़ की साइबर ठगी में दो और गिरफ्तार:सत्य सनातन ट्रस्ट के बैंक खाते से जुड़ा मामला, अब तक पांच आरोपी अरेस्ट
सोनभद्र में सत्य सनातन ट्रस्ट के नाम से पंजीकृत बैंक खाते के जरिए आठ राज्यों में 11.63 करोड़ रुपए की साइबर ठगी के मामले में दुद्धी पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को सोमवार शाम म्योरपुर थाना क्षेत्र के रनटोला तिराहे से पकड़ा गया था। पूछताछ के बाद मंगलवार को उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने मंगलवार शाम 6:30 बजे प्रेस नोट जारी कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल बरामद हुए हैं। मुख्य आरोपी समेत अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 35 शिकायतों में 2.37 करोड़ के संदिग्ध लेनदेन पुलिस के अनुसार, समन्वय (जेएमआईएस) पोर्टल के जरिए ट्रस्ट के बैंक खाते की जांच की गई थी। इसमें साइबर ठगी से संबंधित 35 शिकायतें और करीब 2.37 करोड़ रुपए के संदिग्ध लेनदेन सामने आए। इसके बाद दुद्धी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनपरा के वार्ड नंबर 11 निवासी प्रवेश राज सिंह (40) और रेहटा निवासी जोनसीन क्रिशायान उर्फ राजेश कुमार (36) के रूप में हुई है। धार्मिक गतिविधियों और निवेश के नाम पर ठगी पुलिस के मुताबिक, चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के बाधी बगही निवासी हरिकेश पांडेय उर्फ ऋषिकेश ने सत्य सनातन ट्रस्ट का अध्यक्ष बनकर साइबर ठगी का नेटवर्क तैयार किया था। आरोप है कि मध्य प्रदेश की एक संस्था के सहयोग से इस नेटवर्क को आठ राज्यों तक फैलाया गया। जांच में ठगी की रकम का 20 फीसदी हिस्सा मुख्य आरोपी को मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के नाम पर दान लेने के साथ निवेश पर बेहतर मुनाफे का लालच देकर लोगों से रकम ऐंठता था। ट्रस्ट का बैंक खाता रेणुकूट में खुलवाया गया था। इससे जुड़े एटीएम और क्रेडिट कार्ड मध्य प्रदेश में सक्रिय नेटवर्क के लोगों को सौंपे गए थे। अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश पुलिस ने रविवार को मुख्य आरोपी समेत दो अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में पुलिस ने मध्य प्रदेश के कई स्थानों पर दबिश दी है। इस दौरान ट्रस्ट से जुड़े तीन संदिग्धों को भी पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है। उन्हें सोनभद्र लाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)