बलिया में कार्तिक पूर्णिमा स्नान की तैयारियां पूरी:8-10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान, घाटों पर बैरिकेडिंग और गोताखोर तैनात
बलिया में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। रविवार शाम करीब 5:30 बजे जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने स्नान घाटों और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाएं देखीं। प्रशासन के अनुमान के मुताबिक, सोमवार रात करीब 2 से 3 बजे के बीच स्नान शुरू होने की संभावना है। इस बार 8 से 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। ददरी मेला शुरू होने से आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है। मेला क्षेत्र में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। एनडीआरएफ की टीम, एक प्लाटून पीएसी और गोताखोर भी तैनात रहेंगे। नदी में स्नान करने वालों की सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई है। हर 50 से 100 मीटर पर गोताखोरों और तैराकों के साथ नावें रहेंगी। पूरे मेला क्षेत्र पर कंट्रोल रूम से नजर रखी जाएगी। अधिकारी रात में भी वहां मौजूद रहेंगे। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को रातभर में दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि नगर पालिका ने स्नान करने वालों के लिए चेंजिंग रूम, बाथरूम और साफ-सफाई की व्यवस्था की है। दिव्यांग श्रद्धालुओं के आवागमन और स्नान में मदद के लिए वालंटियर्स तैनात किए जाएंगे। व्यवस्थाओं में सिविल डिफेंस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स और स्थानीय डिग्री कॉलेजों के छात्र सहयोग करेंगे। युवा भारत के करीब 25 बच्चों को सेवा कार्य और श्रमदान के लिए लगाया जाएगा। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से दिशा-निर्देशों का पालन करने और व्यवस्थाएं सुचारु रखने में सहयोग करने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीआरओ गुलशन जी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)