बलरामपुर में लंबित मांगों को लेकर फार्मासिस्टों ने दिया धरना:4600 से 8700 ग्रेड पे मांगा, दवाओं की ढुलाई के लिए सरकारी वाहन की मांग
फार्मासिस्टों की लंबित मांगों को लेकर डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने आंदोलन शुरू कर दिया है। शुक्रवार को बलरामपुर जिला शाखा ने CMO कार्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। इसमें सरकारी अस्पतालों में काम करने वाले फार्मासिस्ट, चीफ फार्मासिस्ट और प्रभारी अधिकारी फार्मेसी शामिल हुए। लंबे समय से लंबित हैं मांगें दोपहर 1:30 बजे जिलाध्यक्ष माधव प्रसाद वर्मा के नेतृत्व में धरना शुरू हुआ। वक्ताओं ने कहा कि वित्तीय और गैर-वित्तीय मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं। वार्ताओं में आश्वासन मिलने के बावजूद पदनाम बदलने, वरिष्ठता सूची जारी करने और उच्च पदों पर पदोन्नति के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए। पदनाम और ग्रेड पे में बदलाव की मांग एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन CMO के माध्यम से भेजा। इसमें फार्मासिस्टों का पदनाम बदलने की मांग की गई। साथ ही चीफ फार्मासिस्ट को चीफ फार्मेसी अधिकारी और विशेष कार्याधिकारी फार्मेसी को सहायक निदेशक फार्मेसी घोषित करने की मांग रखी गई। ज्ञापन में फार्मासिस्टों के लिए 4600, चीफ फार्मासिस्टों के लिए 5400 और प्रभारी अधिकारी फार्मेसी के लिए 6600 ग्रेड पे मांगा गया। उच्च पदों के लिए क्रमशः 7600 और 8700 ग्रेड पे देने की मांग भी शामिल रही। पदोन्नति और सरकारी वाहन की भी मांग एसोसिएशन ने स्थायी वरिष्ठता सूची तुरंत जारी करने और खाली पदों पर पदोन्नति की मांग की। प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर फार्मासिस्टों और चीफ फार्मासिस्टों के पद बढ़ाने, ट्रामा सेंटरों में तय पद बनाने और दवाएं ले जाने के लिए सरकारी वाहन उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। चिकित्सक नहीं होने वाले स्वास्थ्य केंद्रों में डीवीडीएमएस पोर्टल से जुड़े आदेशों के आधार पर फार्मासिस्टों का वेतन रोकने की कार्रवाई से राहत मांगी गई। इसके अलावा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में दवाओं का वितरण प्रशिक्षित फार्मासिस्टों से कराने की मांग रखी गई। 20 नवंबर को लखनऊ में प्रदेशव्यापी धरना एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं हुआ तो 20 नवंबर 2026 को लखनऊ में महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय के सामने प्रदेशव्यापी धरना दिया जाएगा। संगठन ने कहा कि अगली रणनीति और हड़ताल की घोषणा भी धरना स्थल से की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)