कार-बाइक की टक्कर में सादिक की मौत:मेरठ में बड़ा भाई गंभीर घायल; दोनों ईंट-भट्ठे से काम कर घर लौट रहे थे
मेरठ के फलावदा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। नगला हरेरू गांव के पास कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में 20 साल के सादिक की मौके पर ही दर्दननाक मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई साकिब (24) गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में दोनों भाइयों के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां कुछ ही देर में मातम पसर गया। गांव खोकनी निवासी सादिक पुत्र हारून अपने बड़े भाई साकिब के साथ मवाना स्थित ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। शुक्रवार को दोनों भाई रोजाना की तरह काम खत्म करने के बाद बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। रात करीब 7:15 बजे जब वे नगला हरेरू के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही पंजाब नंबर की आई-10 कार से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर जा गिरे। हादसे में सादिक को गंभीर चोटें आईं और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, साकिब गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल साकिब को आनन-फानन में खतौली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। परिवार के लोग उसकी सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं। पांच भाइयों में एक था सादिक मृतक सादिक पांच भाइयों और एक बहन में से एक था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में हाथ बंटाने के लिए वह अपने बड़े भाई के साथ ईंट-भट्ठे पर काम करता था। जवान बेटे की अचानक मौत से पिता हारून और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब एक तरफ बेटे को खोने का गम है तो दूसरी तरफ गंभीर रूप से घायल साकिब की जिंदगी बचाने की चिंता बनी हुई है। कार चालक के खिलाफ दी तहरीर परिजनों ने कार चालक मोहित मीणा के खिलाफ थाना फलावदा में तहरीर दी है। थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस तहरीर के आधार पर हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)