बलरामपुर पुलिस ने खोज निकाले 156 गुम मोबाइल:40 लाख के फोन मालिकों को लौटाए, आईफोन-16 और दो सैमसंग एस-25 अल्ट्रा भी बरामद

Nov 06, 2026 - 13:47
0
बलरामपुर पुलिस ने खोज निकाले 156 गुम मोबाइल:40 लाख के फोन मालिकों को लौटाए, आईफोन-16 और दो सैमसंग एस-25 अल्ट्रा भी बरामद
दीपावली के त्योहार पर बलरामपुर पुलिस ने 156 परिवारों को ऐसा तोहफा दिया, जिसकी उन्हें लंबे समय से उम्मीद थी। गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश में जुटी साइबर सेल और CEIR टीम ने करीब 35 से 40 लाख रुपये कीमत के 156 स्मार्टफोन बरामद किए हैं। इनमें आईफोन-16 और दो सैमसंग एस-25 अल्ट्रा जैसे महंगे मोबाइल भी शामिल हैं। शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे एसपी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना खोया मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। संचार साथी पोर्टल से खोजे गए मोबाइल जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लगातार मोबाइल गुम होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए एसपी ने गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जनपदीय साइबर सेल, सर्विलांस सेल और सभी थानों की साइबर सेल व CEIR टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई। एएसपी विशाल पांडेय ने बताया कि टीम ने भारत सरकार के संचार साथी पोर्टल के माध्यम से तकनीकी पड़ताल शुरू की। लगातार प्रयास और आपसी समन्वय से 156 स्मार्टफोन बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत 35 से 40 लाख रुपये है। प्रीमियम मोबाइल भी बरामद, मालिकों को सौंपे फोन बरामद मोबाइलों में एक आईफोन-16 और दो सैमसंग एस-25 अल्ट्रा जैसे प्रीमियम स्मार्टफोन भी शामिल हैं। शुक्रवार को एसपी ने सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। किसी का मोबाइल महीनों पहले गुम हुआ था तो किसी ने उसकी वापसी की उम्मीद छोड़ दी थी। फोन वापस मिलते ही लोगों की खुशी देखने लायक थी। मोबाइल के साथ लौटीं तस्वीरें और पुरानी यादें खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस टीम का आभार जताया। कई लोगों के लिए मोबाइल की वापसी सिर्फ आर्थिक नुकसान की भरपाई नहीं थी, बल्कि उसमें सुरक्षित जरूरी संपर्क, तस्वीरें और यादें भी वापस मिल गईं। मोबाइल स्वामियों ने साइबर सेल और CEIR टीम की कार्यशैली की सराहना की। मोबाइल गुम होने पर तत्काल करें शिकायत: एसपी एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने कहा कि गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाने में स्थापित साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा भारत सरकार के संचार साथी पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। इस अभियान में जनपदीय साइबर सेल, सर्विलांस सेल और सभी थानों की साइबर सेल, हेल्प डेस्क तथा CEIR टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से न सिर्फ 156 लोगों को उनके मोबाइल वापस मिले, बल्कि आमजन के बीच पुलिस के प्रति भरोसा भी मजबूत हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User