आजमगढ़ पुलिस ने धनतेरस पर सौंपे 253 मोबाइल फोन:फरवरी 2024 से अब तक 6,288 मोबाइल फोन बरामद, 15.72 करोड़ रुपये के मोबाइल स्वामियों को लौटाए

Nov 06, 2026 - 14:36
0
आजमगढ़ पुलिस ने धनतेरस पर सौंपे 253 मोबाइल फोन:फरवरी 2024 से अब तक 6,288 मोबाइल फोन बरामद, 15.72 करोड़ रुपये के मोबाइल स्वामियों को लौटाए
आजमगढ़। जिले में गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विभिन्न स्थानों से गुम हुए 253 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में सहायक पुलिस अधीक्षक ईश्वर लाल गुर्जर ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 63 लाख 25 हजार रुपये बताई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में जिले में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत मोबाइल धारकों की ओर से सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर पुलिस की सीसीटीएनएस टीम मोबाइल फोन की तलाश कर बरामदगी की कार्रवाई करती है। पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2026 में अब तक कुल 2,651 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब छह करोड़ 62 लाख 75 हजार रुपये है। वहीं, फरवरी 2024 से अब तक आजमगढ़ पुलिस कुल 6,288 मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंप चुकी है। इन सभी मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 15 करोड़ 72 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या खो जाने पर तत्काल सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि मोबाइल की तलाश कर उसे बरामद करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके। मुबारकपुर में सबसे अधिक बरामद हुए मोबाइल फोन सहायक पुलिस अधीक्षक ईश्वर लाल गुर्जर ने बताया कि जिले में चल रहे मोबाइल रिकवरी अभियान के अंतर्गत मुबारकपुर में सबसे अधिक 24 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।जबकि निजामाबाद थाना क्षेत्र से 19 जीयनपुर और सिधारी से 16 16-16 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही थाना जहानगंज सरायमीर और महानगर से 14-14 मोबाइल फोन जबकि अतरौलिया गंभीरपुर से 13-13 मोबाइल फोन, अहिरौला से 12 मोबाइल फोन जबकि कोतवाली महाराजगंज और बरदह थाना क्षेत्र से 11-11 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User