तीन आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित:जैद, हारिस और रंदीप सिंह पर इनाम, मेरठ DIG की कार्रवाई

Nov 06, 2026 - 14:36
0
तीन आरोपियों पर 50-50 हजार का इनाम घोषित:जैद, हारिस और रंदीप सिंह पर इनाम, मेरठ DIG की कार्रवाई
मेरठ रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) ने अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार दोपहर 12 बजे तीन और कुख्यात अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पिछले 20 दिनों के भीतर रेंज के विभिन्न जिलों में अपराधियों पर इनाम घोषित करने का यह नया मामला है, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बुलंदशहर जिले के थाना कोतवाली देहात में दर्ज हत्या के एक संगीन मामले में वांछित चल रहे दो अभियुक्तों जैद और हारिस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। जैद पुत्र हाजी अलीम, निवासी मोहल्ला मिर्चीटोला, थाना कोतवाली नगर, जनपद बुलंदशहर का रहने वाला है। ​दूसरा आरोपी हारिस पुत्र काजिम अली, निवासी शाहनगर, थाना अगौता बुलंदशहर है, जो वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित अल्फा-1 में रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इन दोनों अभियुक्तों पर अकेले बुलंदशहर जिले में ही तीन-तीन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। ​इसके अलावा, जनपद हापुड़ के थाना पिलखुवा क्षेत्र में पंजीकृत एक अन्य मामले में वांछित चल रहे कुख्यात रंदीप सिंह उर्फ राजा पुत्र जसविंदर सिंह पर भी 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। रंदीप मूल रूप से बरेली जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र स्थित नानकपुरी टांडा का रहने वाला है। वर्तमान में वह उत्तराखंड के उधमसिंह नगर (सिडकुल पंतनगर) और रामपुर के बिलासपुर (डिबडिबा फार्म) में भी ठिकाने बदलता रहा है। रंदीप पर हापुड़ और उधमसिंह नगर में कुल चार अभियोग पंजीकृत हैं। ​20 दिनों में 22 बदमाशों पर इनाम, 10 गिरफ्तार पिछले महज 20 दिनों के भीतर मेरठ परिक्षेत्र के चारों जनपदों से कुल 22 वांछित और फरार अपराधियों पर डीआईजी महोदय द्वारा 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है। खास बात यह है कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इनमें से 10 इनामी अभियुक्तों को पहले ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। ​डीआईजी मेरठ रेंज ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों और थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फरार इनामी बदमाशों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User