जनगणना में पहली बार जाति की जानकारी भी होगी दर्ज:16 से 30 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन स्व-गणना

Nov 06, 2026 - 14:36
0
जनगणना में पहली बार जाति की जानकारी भी होगी दर्ज:16 से 30 नवंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन स्व-गणना
इटावा में जनगणना-2027 में इस बार जाति की जानकारी भी दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही नागरिकों को पहली बार डिजिटल स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके तहत लोग 16 से 30 नवंबर तक मोबाइल या कंप्यूटर से घर बैठे परिवार के सदस्यों का विवरण ऑनलाइन भर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। शुक्रवार दोपहर 12 बजे विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में जनगणना की तैयारियों और प्रचार-प्रसार को लेकर बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों के साथ इन्फ्लुएंसर्स को जनगणना की प्रक्रिया और निर्धारित तारीखों की जानकारी दी गई। ऑनलाइन जानकारी भरने पर मिलेगी एसई आईडी सीडीओ ने बताया कि नागरिक 16 से 30 नवंबर तक आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर परिवार और उसके सभी सदस्यों का विवरण भर सकेंगे। स्व-गणना पूरी होने पर परिवार को एक स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) मिलेगी। इसे सुरक्षित रखना होगा। एक दिसंबर से प्रगणक जब घर पहुंचेंगे तो उन्हें यह आईडी देनी होगी, ताकि ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन किया जा सके। प्रगणक पूछेंगे 40 सवाल सीडीओ ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकानों की गणना का काम पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। इस दौरान प्रत्येक परिवार से 40 सवाल पूछे जाएंगे। इसके लिए प्रगणकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। नागरिक चाहें तो इन सवालों के जवाब पहले ही ऑनलाइन भर सकते हैं। प्रगणक घर पहुंचकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। अपनी बताई जाति होगी दर्ज इस बार जनगणना में जाति की जानकारी भी शामिल की जाएगी। व्यक्ति अपनी जाति के बारे में जो जानकारी देगा, प्रगणक उसे दर्ज करेंगे। सीडीओ ने जिले के लोगों से अपील की कि वे स्व-गणना की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और प्रगणकों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं जिला जनगणना अधिकारी बिपिन कुमार, जिला जनगणना प्रभारी पुलकिता शर्मा, स्टेट मास्टर ट्रेनर संतोष कुमार शर्मा, सभी तहसीलदार और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User